बेटे के पिटाई से घायल भरवल पर्वता गांव निवासी सतई।संवाद
धनघटा क्षेत्र के भरवल पर्वता गांव का मामला, बेटे पर दर्ज हुआ केस
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के भरवल पर्वता गांव में एक वृद्ध को रविवार की सुबह उसके बेटे ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। खून से लथपथ होकर वृद्ध थाने पहुंचा। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी बेटे के विरुद्ध मारपीट का केस दर्ज कर करने के साथ पीड़ित को अस्पताल भेज दिया।
भरवल पर्वता निवासी सतई (65) पुत्र मंगल का आरोप है कि ठंड की वजह से वह रविवार की सुबह घर पर अलाव ताप रहे थे। उसी समय उनका बेटा आया और अलाव के पास से हट जाने के लिए कहा। जब वह नहीं हटे तो वह नाराज हो गया और घर के अंदर से लाठी लेकर आया। इसके बाद लाठी से उनके सिर पर प्रहार कर दिया। इससे वह घायल होकर गिर गए। इसके बाद भी बेटे ने उन पर वार किया। किसी तरह से लोगों ने बीच-बचाव किया, जिससे उनकी जान बची।
वृद्ध रोते-बिलखते खून से लथपथ होकर धनघटा थाने पर पहुंचे। जहां पुलिस कर्मियों ने वृद्ध को खून से लथपथ देखा। पुलिस कर्मियों ने वृद्ध को किसी तरह से बैठाया और पूछताछ की। इसके बाद आरोपी बेटे के विरुद्ध मारपीट का केस दर्ज किया और वृद्ध को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले गए। वहां उनका इलाज चल रहा है।
एसओ अनिल कुमार ने बताया कि इस मामले में बिकानू पुत्र सतई के विरुद्ध मारपीट का केस दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।