-भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। श्रीराम जानकी इंटर काॅलेज के जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते एक छात्र का भविष्य अधर में लटक गया है। छात्र जब कॉलेज में इंटर पास की मार्कशीट लेने पहुंचा तो पता चला कि उसका मार्कशीट कोई दूसरा लड़का लेकर चला गया है। प्रवेश पत्र व अन्य कागजात दिखाने के बाद छात्र को मार्कशीट नहीं मिल पा रहा है, जिसके चलते उसे भविष्य की चिंता सताने लगी है। आगे की पढ़ाई के लिए उसका कहीं एडमिशन नहीं हो पा रहा है।
ग्राम हरनाखुरी निवासी आकाश कुमार श्रीराम जानकी इंटर काॅलेज, गिरधरपुर कुनगाई में कक्षा 12 का छात्र था। इसी वर्ष परीक्षा पास करने के बाद, बीए में एडमिशन के लिए अपनी मार्कशीट लेने पहुंचा, तो पता चला कि कोई और लेकर चला गया है। रिसीविंग रजिस्टर देखने पर पता चला कि कोई संत कुमार नाम का शख्स हस्ताक्षर कर, मार्कशीट ले गया है। आकाश ने बताया कि इसकी शिकायत प्रधानाचार्य से की तो उन्होंने थाने में एफआईआर दर्ज करा कर अखबार में विज्ञापन प्रकाशित कर कटिंग लाने को कहा। आश्वासन दिया कि छह माह में मार्कशीट की द्वितीय प्रति मिल जाएगी। आकाश को अब एक साल बरबाद होने की चिंता सता रही है। इस संबंध में डीआईओएस सोमारू प्रधान ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। शिकायती पत्र मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।