धनघटा तहसील पर फरियाद सुनते डीएम।
संतकबीरनगर। जनपद के तीनों तहसीलों पर सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान कोई छप्पर उजाड़ने तो कोई अराजक तत्वों द्वारा नसब पत्थर फेंकने की शिकायत लेकर पहुंचा। इस दौरान अधिकारियों ने समस्याओं को सुना और निस्तारण का आश्वासन दिया। धनघटा तहसील पर आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंची जगदीशपुर गौरा निवासी चंद्रकला ने विपक्षियों पर छप्पर उजाड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कार्रवाई की मांग करते हुए बताया कि आरोपी कुछ सामान भी उठा ले गए और धमकी भी दे रहे हैं। जिससे पूरा परिवार भयभीत है। आगापुर गुलरिया निवासी विजयी ने आरोप लगाया कि गांव के सरहद पर लगे नसब पत्थर को अराजक तत्वों ने उखाड़कर फेंक दिया है। कुछ कहने पर मारने की धमकी देते हैं। आरोपी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। विजयी ने भी कार्रवाई की मांग की।