सोशल ऑडिट टीम ने विकास कार्योें को जांचा
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। विकास खंड हैंसर बाजार के अंतर्गत ग्राम पंचायत नावन खुर्द में सोशल ऑडिट टीम ने शनिवार को विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानी। टीम ने मनरेगा कार्यो, प्रधानमंत्री आवास का निरीक्षण किया तथा अभिलेखों का सत्यापन किया।
टीम ने चौपाल लगा कर मनरेगा मजदूरों का बयान दर्ज किया। मनरेगा मजदूरों ने काम करने तथा मजदूरी पाने की पुष्टि की।
मनरेगा योजना के अंतर्गत हुए कार्यों का बसंत यादव के घर से कौशल पांडेय के घर तक 100 मीटर इंटरलॉकिंग कार्य, विनोद के खेत से जगदीश के खेत तक मिट्टी कार्य, मोती के खेत से फागू के खेत तक मिट्टी कार्य की जांच की। सभी कार्य ठीक पाए गए।
कोऑर्डिनेटर रामपाल चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी शहाबुद्दीन, शांति, राजकुमारी समेत 19 लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ वित्तीय वर्ष 2021-22 में दिया गया था। चौपाल में गांव के कुछ असामाजिक तत्वों ने बाधा डालने का प्रयास किया जिन्हें गांव के लोगों ने समझाकर शांत करा दिया गया। इस मौके पर ग्राम प्रधान महेंद्र प्रसाद चौहान, रोजगार सेवक राजेंद्र प्रसाद, ग्राम पंचायत अधिकारी शैलजा मिश्रा आदि लोग मौजूद रहे।