डीआईओएस के चालक के स्कूल परिसर में घुसने पर रोक
धर्मसिंहवा (संतकबीरनगर)। जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धर्मसिंहवा के प्रधानाचार्य ने डीआईओएस के वाहन चालक के स्कूल परिसर में घुसने पर रोक लगा दी है। इसके लिए एक पत्र जिले के उच्चाधिकारियों को भेजा है। विद्यालय के नोटिस बोर्ड पर भी चस्पा कर दिया है।
प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह ने वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक कार्यालय, जिला विद्यालय निरीक्षक, एसपी, सीओ मेंहदावल व एसओ धर्मसिंहवा व अन्य अधिकारियों को भेजे पत्र में कहा है कि वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक के वाहन चालक को विद्यालय परिसर में घुसने से प्रतिबंधित किया जाता है।
इस संबंध में डीआईओएस मनमोहन शर्मा ने बताया कि वहां के प्रधानाचार्य शुक्रवार को कार्यालय आए थे। विद्यालय को परीक्षा केंद्र न बनाने की बात कही थी। कहा था अगर उनके विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया जाता है तो प्रश्न पत्र को आउट कर देंगे। इसके लिए उन्हें नोटिस जारी किया जा रहा है। इस मामले में विद्यालय पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।