बेलहर। क्षेत्र के छोटी अकोल्ही में प्रेमी से संबंध नहीं तोड़ने से नाराज भाई ने बहन को पीटकर मार डाला था। इस मामले में पीड़ित पिता ने आरोपी बेटे पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद किया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी भाई ने बताया कि उसकी बहन प्रेमी से चुपके से बातचीत करती थी और मिलने जाती थी। बहन को काफी समझाया, लेकिन मान नहीं रही थी। उसी वजह से उसको पीट दिया और बाद में उसकी मौत हो गई।
एसओ संध्या रानी तिवारी ने बताया कि छोटी अकोल्ही गांव निवासी पकड़े गए आरोपी अब्दुल समद ने बताया कि उसकी 19 वर्षीय बहन नादिया खातून का एक युवक से प्रेम संबंध चल रहा था। परिवार से चोरी-छिपे नादिया अपने युवक से मिलती-जुलती थी। यह बात उसके भाई अब्दुल समद को नागवार गुजरती थी। भाई ने कई बार उसे समझाया था, लेकिन वह प्रेमी से संबंध नहीं तोड़ रही थी। 20 अकतूबर को नादिया अपने प्रेमी के साथ कहीं टहलने गई थी। घर लौटी तो आरोपी भाई ने पूछताछ की। उसी से नाराज होकर आरोपी ने नादिया की डंडे से पिटाई कर दी। घायल नादिया की 23 अक्तूबर को मौत हो गई थी। आनन-फानन आरोपी भाई ने शव को गांव के कब्रिस्तान में दफन कर दिया। पीड़ित पिता सेराजुल हक ने आरोपी बेटे अब्दुल समद के खिलाफ 24 अक्तूबर को गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कराया। डीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार हरेराम यादव की उपस्थित में कब्र को खोदवा कर शव को निकलवाया गया। बृहस्पतिवार को शव को पोस्टमार्टम कराया गया है। पकड़े गए आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में लेते हुए जेल भेज दिया।