- जिला कारागार में बंदी समस्या-समाधान दिवस का आयोजन
- लीगल एड डिफेंस काउंसिल के चीफ के सामने बंदियों ने सुनाई समस्या
संतकबीरनगर। जिला जज अनिल कुमार वर्मा के निर्देश पर शुक्रवार को लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव जिला कारागार पहुंचे। उन्होंने बंदी समस्या-समाधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बंदियों से रुबरु होकर उसके निदान के प्रति आश्वस्त किया। इस दौरान एक बंदी ने कहा कि उन्हें हत्या के प्रयास के झूठे मुकदमे में जेल भेज दिया गया है, मेरी जमानत करा दीजिए।
लीगल एड डिफेंस काउंसिल के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव सहयोगियों के साथ जिला कारागार के प्रत्येक बैरक में पहुंचकर कैदियों से मुलाकात की। प्रत्येक कैदियों से मिलकर उनके मुकदमों में की जा रही पैरवी के बारे में पूछताछ कर उनकी समस्या के त्वरित समाधान के लिए आश्वस्त किया।
कोतवाली खलीलाबाद के बरदहिया बाजार निवासी एक कैदी ने कहा कि वह बीते फरवरी से हत्या के प्रयास के झूठे मुकदमे में कारागार में निरुद्ध है। उसे मुकदमे के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। वहीं गड़सरपार गांव निवासी कैदी ने कहा कि उसकी जमानत याचिका यहां से खारिज हो चुकी है। हाईकोर्ट में जमानत दाखिल न हो पाने के कारण जमानत नहीं हो पा रही है। चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव ने डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल संजीव कुमार पांडेय, असिस्टेंट मो. दानिश व प्रज्ञा श्रीवास्तव को बंदियों के समस्या को नोट कराते हुए उनके समस्याओं के शीघ्र निस्तारण कराए जाने के आश्वस्त किया है। इस दौरान डिप्टी जेलर नयन कमल सिंह, गीता रानी, हरिकेश कुमार, जेल पैरालीगल वालंटियर पंकज आदि मौजूद रहे।