- खलीलाबाद तहसील मे बुजुर्ग ने सीडीओ के सामने सुनाई फरियाद
- तीनों तहसीलों पर संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले के तीनों तहसीलों पर सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। खलीलाबाद तहसील में एक बुजुर्ग पहुंचा और शिकायत किया कि 15 साल से उनका खेत दबंग जोत रहा है। कई बार थाने पर प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी तरह से वरासत के लिए चार साल से तहसील दिवस पर महिला चक्कर लगा रही है, वहीं जबरन जमीन बैनामा कराने पर एक व्यक्ति 20 बार प्रार्थना पत्र दे चुका है।
खलीलाबाद तहसील में सीडीओ सीडीओ जयकेश त्रिपाठी ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत सुनी। तहसील में खजुरी कोल के रहने वाले रामश्रय पहुंचे। बताया कि गांव में उनका खेत है। कुछ लोगों ने उस पर कब्जा कर लिया है और 15 साल से जोत रहे हैं। खेत जब मांगते है तो जानमाल की धमकी देते हैं। 25 बार शिकायत कर चुके हैं पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अगर खेत उनके पास रहता तो वह बोवाई कर अनाज पैदा करते। इस पर सीडीओ ने शिकायत पत्र को लेेेकर संबंधित अधिकारी को निस्तारण के निर्देश दिए।
दूसरे के नाम किया जमीन बैनामा...15 बार दे चुके प्रार्थनापत्र
खलीलाबाद तहसील पर देवकली निवासी बाबूलाल ने समाधान दिवस पर प्रार्थनापत्र देकर कहा कि अनुसूचित जाति के व्यक्ति ने कुछ जमीन भाइयों को न देकर गैर जाति के लोगों को बैनामा कर दिया है। 15 बार प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
वरासत के लिए किया आवोदन...लेखपाल बार-बार कर रहे निरस्त
मेंहदावल। तहसील पर ग्राम पंचायत रक्सा की रहने वाली सोनमती पत्नी स्वर्गीय लौटू ने फरियाद अधिकारियों के सामने रखी। वृद्ध महिला ने बताया कि वर्ष 2020 में पति की मौत हो गई। वरासत के लिए उसने ऑनलाइन आवेदन किया लेकिन हल्का लेखपाल द्वारा बार-बार उसे निरस्त कर दिया जा रहा है। कई बार तहसील समाधान दिवस में पहुंचकर फरियाद रखी लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों के होते हुए भी न्याय नहीं मिल रहा है। आज तक मेरा वरासत हल्का लेखपाल द्वारा नहीं किया गया। वृद्ध ने संपूर्ण तहसील समाधान दिवस में मौजूद अपर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर वरासत कराने की मांग की है। यही हाल अन्य फरियादियों का भी रहा।
185 मामलों में मात्र 13 का निस्तारण
संतकबीरनगर। जिले के तीनों तहसीलों पर आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर कुल 185 मामलों में 13 का निस्तारण हुआ। अन्य फरियादी निराश होकर लौट गए।
धनघटा तहसील पर डीएम महेंद्र सिंह तंवर और एसपी सत्यजीत गुप्त ने फरियाद सुनीं। इस दौरान कुल 58 मामले आए और दो का निस्तारण हुआ। डीएम की मौजूदगी में फरियादियों को एक-एक पौधा वितरित किया। कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रकरणों शिकायतों को अधिकारी मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनते हुए उसका निस्तारण करवाना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर एसडीएम रमेश चन्द्र, तहसीलदार योगेन्द्र कुमार पांडेय, नायब तहसीलदार हरेराम यादव आदि मौजूद रहे। मेंहदावल तहसील पर एडीएम जय प्रकाश ने फरियाद सुनीं। यहां पर कुल 57 प्रार्थना पत्र मिले, जिनमें से मौके पर छह का निस्तारण हुआ। इस अवसर पर एएसपी शशिशेखर सिंह, एसडीएम उत्कर्ष श्रीवास्तव, तहसीलदार आनन्द कुमार ओझा आदि मौजूद रहे। खलीलाबाद तहसील पर सीडीओ जयकेश त्रिपाठी ने फरियाद सुनीं। यहां कुल 70 मामले आए और पांच का निस्तारण हुआ। इस अवसर पर एसडीएम शैलेश कुमार दूबे, सीओ ब्रजेश सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।