- कोई ठोस कवायद शुरू नहीं, वेंडिंग जोन खाली
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद में वेंडिंग और नॉन वेंडिंग जोन का निर्धारण हुआ है, लेकिन इसका पालन कहीं पर भी शुरू नहीं हुआ है। जिम्मेदार आश्वासन की घुट्टी पिला रहे हैं। अब तक इसके अनुपालन को लेकर कोई ठोस कवायद शुरू नहीं की गई है।
शहर के प्रमुख मार्गों पर फुटपाथ पर विक्रेता दुकानें सजा रहे हैं। यह स्थिति शहर के विभिन्न स्थानों पर देखी जा सकती है। इससे सड़कों पर जहां आवागमन प्रभावित हो रहा है वहीं जाम की समस्या खड़ी हो रही है। वैसे पालिका प्रशासन ने मुखलिसपुर तिराहे के पास फुटपाथ पर ठेला लगाने वालों के लिए ओवरब्रिज के नीचे स्टैंड बनाकर दुकानें लगाने की तैयारी शुरू की है, लेकिन अभी तक धरातल पर कुछ भी नहीं दिखाई दे रहा है। इससे यहां पर आए दिन जाम की स्थिति बन रही है।
इधर कागजों में वेंडिंग और नॉन वेंडिंग जोन का निर्धारण करने की बात कही जा रही है। जहां पर पथ विक्रेता दुकानें लगा सकते हैं, लेकिन न तो कहीं बोर्ड लगा है और न ही कोई अन्य व्यवस्था की गई है। ऐसे में पटरी दुकानदारों जहां मन कर रहा है वहां दुकानें लगा रहे हैं। शहर के गोला बाजार, बैंक चौराहा, एचआर इंटर कॉलेज, आजाद चौक, मेंहदावल रोड सहित विभिन्न स्थानों पर सड़क के किनारे दुकानें लग रही हैं।
पटरी पर मनमाने ढंग से दुकानें लगाने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। मुखलिसपुर तिराहा के आसपास ठेला लगाने वालों के लिए ओवरब्रिज के नीचे जल्द ही स्टैंड बनाया जाएगा, ताकि इन्हें यहां पर व्यवस्थित किया जा सके। साथ ही अन्य कदम भी जल्द ही उठाए जाएंगे।
- जगत जायसवाल, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद खलीलाबाद