संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के डड़वा के पास सोमवार की सुबह रेलवे ट्रैक पर दुकानदार की लाश मिली। सूचना पर आस-पास के लोगों के साथ पीड़ित परिजन भी पहुंच गए। पीड़ित पिता ने ट्रेन की चपेट में आने से बेटे की मौत होने की बात बताई। बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के सरौली चहारूम गांव के रहने वाले 30 वर्षीय संदीप कुमार पुत्र परशुराम सोमवार भोर में घर से टलहने निकले थे। गांव से करीब एक किलोमीटर दूर डडवा के पास रेलवे ट्रैक पर उनकी लाश मिली। सूचना पर लोगों की भीड़ जुट गई। पीड़ित पिता परशुराम ने बताया कि वह बेलौहा चुरेब में चूड़ी की दुकान चलाते हैं। उसी दुकान पर बेटा संदीप भी रहता था। बाद में बेटे ने चुरेब में ही अलग दुकान खोल ली थी। बेटे की मानसिक स्थिति कुछ ठीक नहीं थी। गोरखपुर से उसका इलाज चल रहा था। संदीप सुबह टहलने निकला था और किसी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि उनके तीन बेटों में संदीप बड़ा था। दूसरे नंबर पर 23 वर्षीय मंदीप और तीसरे नंबर का बेटा 20 वर्षीय अभिषेक है। संदीप के दो बच्चे पांच साल का सक्षम और 15 महीने की बेटी समीक्षा है। पीड़ित पत्नी बहू इसरावती और मां विद्यावती का रो-रो कर बुरा हाल था। कोतवाल रवींद्र सिंह ने बताया कि जांच में पता चला कि युवक का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। टहलते हुए डड़वा रेलवे क्राॅसिंग के पास गया था। उसी दौरान किसी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।