- जनपद बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव में दीवानी न्यायालय परिसर में हुआ
- वरिष्ठ उपाध्यक्ष पर मोहम्मद कासिम अंसारी ने जीत दर्ज की
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में मंगलवार को दीवानी न्यायालय परिसर में एडीआर भवन में हुआ। इसमें कुल 283 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शाम को हुई मतगणना में शशि कुमार ओझा अध्यक्ष, राणा रविंद्र सिंह महामंत्री और मोहम्मद कासिम अंसारी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने विजेता पदाधिकारियों को माला पहना बधाई दी।
दीवानी न्यायालय परिसर स्थित एडीआर बिल्डिंग में सुबह 8.30 से दोपहर 2.30 बजे तक मतदान हुआ। मतदान के बाद मतपेटिका को सील किया गया। मतगणना तीन बजे के बाद शुरू हुई। जिसमें अध्यक्ष पद पर ओमप्रकाश तिवारी को 40 मत, मोहम्मद मोकर्रम को 26 मत, मोहम्मद असलम को 35 मत, संतोष कुमार चौधरी को 60 मत, नवनीत कुमार पांडेय को 43 और शशि कुमार ओझा को 78 मत मिले। एक मत अवैध मिला। इस तरह अध्यक्ष पद प्रत्याशी शशि कुमार ओझा ने अपने निकटतम प्रत्याशी को 18 मतों से पराजित कर विजेता बने।
इसके अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर मोहम्मद कासिम अंसारी को 143 मत तो सुधाकर मिश्र को 137 मत मिले। मोहम्मद कासिम ने सीधी लड़ाई में सुधाकर मिश्र को छह मतों से परास्त किया। तीन मत अवैध पाए गए। महामंत्री पद पर कुल पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। जिसमें दुर्गेश नारायण मिश्र को 62 तो सुधीर कुमार श्रीवास्तव को 62 मत, जितेंद्र मिश्र को पांच मत, राम अवतार यादव को 74 मत तथा राणा रविंद्र सिंह को 78 मत प्राप्त हुए। दो मत अवैध रहे। इस प्रकार पांच प्रत्याशियों की लड़ाई में राणा रविंद्र सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राम अवतार यादव को चार मतों से पराजित किया।
एल्डर्स कमेटी के सदस्य सुभद्र नाथ राय, हरिशंकर राय, दिनेश चंद्र राय, कृष्ण मोहन मिश्र, चेयरमैन जुम्मन खां ने विजेता प्रत्याशियों की घोषणा की। नवनिर्वाचित अध्यक्ष शशि कुमार ओझा ने कहा कि अधिवक्ता समाज के समस्याओं की लड़ाई लड़ते रहेंगे। अधिवक्ताओं के मान सम्मान पर आंच नहीं आने दिया जाएगा। महामंत्री राणा रविंद्र ने कहा कि अधिवक्ताओं के लिए लाइब्रेरी का निर्माण कार्य कुछ दिनों मे पूरा करेंगे। वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहम्मद कासिम अंसारी ने कहा कि बार एवं बेंच की गरिमा को बनाए रखने के लिए कार्य किया जाएगा। परिसर में संपन्न हुए चुनाव में शांति व्यवस्था कायम रहने के लिए सीओ सिटी अजीत चौहान, कोतवाल सतीश सिंह, अशोक सिंह फोर्स के साथ मौजूद रहे।
यह प्रत्याशी चुने जा चुके हैं निर्विरोध
कोषाध्यक्ष पद पर वेद प्रकाश पाण्डेय, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेंद्र यादव, उपाध्यक्ष के दो पद पर सतीश कुमार चुने गए।