पांच उद्यमी लखनऊ इन्वेस्टर्स समिट लखनऊ में किए गए आमंत्रित
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। लखनऊ के अवध शिल्प ग्राम में 10 से 12 फरवरी तक होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में जिले से पांच बड़े उद्यमियों को आमंत्रित किया गया है। इससे उद्यमियों में उत्साह है। उद्यमी तरह-तरह के उद्यम लगाएंगे और बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराएंगे।
गोरखपुर के व्यवसायी विकास केजरीवाल ने बताया कि संतकबीरनगर एनएच 28 के किनारे स्थित है। यहां पर्यटन के क्षेत्र में निवेश की अपार संभावना है। वह 500 करोड़ का निवेश करेंगे। 25 एकड़ में होटल बनाएंगे। 25 एकड़ में गोल्फ कोर्स होगा और पांच एकड़ घुड़सवारी के लिए होगा। प्लांट को विकसित करेंगे।
उन्होंने कहा कि यहां कबीर स्थली, बखिरा झील के साथ कपिलवस्तु, गोरखपुर और कुशीनगर जाने का सुगम मार्ग है। पर्यटन के लिहाज से वह पूंजी निवेश करेंगे। यहां ऐसी व्यवस्था देंगे कि लोग यहां घूमने के उद्देश्य से आए। वह 300 लोगों को रोजगार देंगे।
धनघटा तहसील क्षेत्र के तामा गांव निवासी प्रविंद्र राय ने बताया कि वह गोंडा में रेडीमेड का कार्य करते हैं। कढ़ाई और जरी का काम वर्तमान में कर रहे हैं। वह 35 करोड़ से होजरी का प्लांट लगाएंगे। यदि औद्योगिक क्षेत्र में जमीन मिली तो यहीं प्लांट लगाएंगे अन्यथा गांव पर यह काम करेंगे। वह लोवर, टी शर्ट, ट्रैक शूट,कोट आदि तैयार कराएंगे। करीब 250 लोगों को रोजगार देंगे।
नंदौर के रहने वाले लक्ष्मीकांत राय नंदौर में 50 एकड़ जमीन की व्यवस्था कर उसमें चहारदीवारी बनवा चुके हैं। वह 50 करोड़ रुपये की लागत से लॉजेस्टिक एंड वेयर हाउसिंग प्रोजक्ट लगाएंगे। उतने ही लागत से फ्लोर मिल लगाएंगे। उनका कुल 100 करोड़ रुपये का प्रोजक्ट है। करीब 250 लोगों को रोजगार भी देंगे।
कानपुर के रहने वाले अखिलेश नारायण अवस्थी ने बताया कि उनका औद्योगिक क्षेत्र खलीलाबाद में कपिला कृषि उद्योग लिमिटेड कंपनी है,जो पशु आहार बनाती है। वह वर्ष 1997 से यह काम कर रहे है। उनका यह काम कानपुर, संतकबीरनगर और पंजाब में चल रहा है। तीन जगह और प्लांट लगाना है। इसमें संतकबीरनगर, कानपुर और वाराणसी शामिल है। संतकबीरनगर में 150 से 200 करोड़ का प्रोजक्ट है। करीब 12 राज्यों में उनके पशु आहार की सप्लाई होती है। एक प्लांट में करीब 100 लोगों को रोजगार देंगे।
गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र के टेकुआपार के रहने वाले अजय कुमार तिवारी पिछले कई सालों से खलीलाबाद के बरदहिया बाजार में मकान बनवा कर रहते है। बरदहिया बाजार में इनका होजरी का कारोबार है। इनके पास मिनी पेट्रोल पंप भी हो, जहां से डोर टू डोर डीजल की आपूर्ति की जाती है। इसके अलावा टांसपोर्ट का भी काम करते है। वह बताते है कि औद्योगिक क्षेत्र खलीलाबाद में 1600 वर्गमीटर में जमीन आवंटित कराए है। जिसमें 25 करोड़ की लागत से होजरी का प्लांट लगाएंगे। बनियान, टीशर्ट,शर्ट आदि बनाएंगे। करीब 100 लोगो को रोजगार देंगे।
इंसेट कलेक्ट्रेट में कार्यक्रम का होगा सीधा प्रसारण
उपायुक्त उद्योग राज कुमार शर्मा ने बताया कि संतकबीरनगर में 4,920 करोड़ का इंवेस्ट करने के लिए 599 उद्यमियों ने अनुबंध किया है। पांच उद्यमियों को लखनऊ में हो रहे इन्वेस्टर्स समिट में आमंत्रित किया गया है।