- एचआरपीजी कॉलेज में परीक्षा समिति की बैठक
- सिद्धार्थ विवि की सेमेस्टर परीक्षा तीन पालियों में होगी
- 54 केंद्र पर 52 हजार परीक्षार्थी देेंगे परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षा 18 अप्रैल से तीन पालियों में शुरू होने जा रही है। परीक्षा को लेकर मंगलवार को एचआरपीजी कॉलेज में परीक्षा समिति की बैठक हुई। जिसमें आंतरिक सचल दस्ते का गठन किया गया। परीक्षा के दौरान परिसर में बाहरी लोगों का प्रवेश वर्जित किया गया। परीक्षा सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक तीन पालियों में होगी है। इसके लिए जिले में कुल 54 केंद्र बनाए गए हैं। यहां 52 हजार परीक्षार्थी नामांकित हैं। परीक्षा की सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी।
एचआरपीजी कॉलेज के प्राचार्य व विश्वविद्यालय परीक्षा के नोडल केंद्र प्रभारी प्रोफेसर ब्रजेश कुमार सिंह ने कहा कि महाविद्यालय सुचितापूर्ण परीक्षा कराने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए सभी शिक्षकों व कर्मचारियों को संगठित प्रयास करने की आवश्यकता है। कहा कि सुचितापूर्ण परीक्षा के लिए आतंरिक सचल दल का गठन भी किया गया है। परीक्षा तीन पालियों में होगी। सुबह पाली की परीक्षा सात से नौ बजे तक, दूसरी पाली सुबह 11 से 1 बजे तक और तीसरी पाली की परीक्षा 3 से 5 बजे तक होगी।
प्राचार्य ने बताया कि शिक्षकों की दो शिफ्ट में डयूटी लगाई गई है। जिसमें एक शिफ्ट के शिक्षक सुबह सात बजे से नौ बजे तक और 11 बजे से एक बजे तक दो पालियों की परीक्षा को संपन्न कराएंगे। दूसरी शिफ्ट वाले शिक्षक शाम तीन से पांच बजे तक होने वाली परीक्षा को संपन्न कराएगे। कहा कि परीक्षार्थियों के बैठने के लिए कक्ष व सीट निर्धारित है। मुख्य गेट पर नियंता मंडल के लोग परीक्षार्थियों की तलाशी लेंगे।
बैठक में प्रो. प्रताप विजय कुमार, प्रो. दिनेश गुप्ता, प्रो. विजय राय, डॉ. पूर्णेश नारायण सिंह, डॉ. अमित भारती, डॉ. शशिकांत राव, विनय सिंह, डॉ. विजय कुमार मिश्र समेत अन्य मौजूद रहे।
एचआरपीजी कॉलेज बना है संकलन केंद्र
विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षा की समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का संकलन एचआरपीजी कॉलेज में जमा किया जाएगा। यहां से उत्तर पुस्तिकाएं सिद्धार्थ विश्वविद्यालय को भेजी जाएगी। नोडल केंद्र प्रभारी प्रोफेसर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि महाविद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा खत्म होने के बाद समय से उत्तर पुस्तिकाओं को संकलन केंद्र पर जमा कर दें। परीक्षा की सीसीटीवी से निगरानी भी रखी जाएगी।