झील की तरफ जाने वाले मार्ग का चल रहा है निर्माण
ईओ और जेई से मांगा स्पष्टीकरण, ठेकेदार को दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा(संतकबीरनगर)। एडीएम मनोज कुमार ने नगर पंचायत बखिरा में कराए जा रहे विकास कार्यों का बृहस्पतिवार को निरीक्षण किया। झील की तरफ जाने वाले मार्ग के निर्माण में निम्न श्रेणी का ईंट प्रयोग होता देखकर एडीएम बिफर पड़े और निर्माण कार्य को रुकवा दिया। एडीएम ने ईओ, जेई से स्पष्टीकरण मांगा है। ठेकेदार को कार्य में सुधार नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
एडीएम मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बाघनगर उर्फ बखिरा में ओंकार के मकान से मस्जिद तक इंटरलॉकिंग सड़क, राम स्वरूप के खेत तक इंटरलॉकिंग, सदरे आलम के घर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक इंटरलाॅकिंग एवं नाली निर्माण, बूंदीपार में कार्यालय निर्माण, बाखिरा में मुख्य सड़क से शिवमंदिर प्रमोद वर्मा के पुराने मकान तक इंटरलाॅकिंग सड़क एवं नाली निर्माण चल रहा है।
इसके अलावा नगर पंचायत बाखिरा में मोहल्ला जसवल में सुनील तिवारी के खेत से गीसू साइनी के जमीन तक सीसी रोड निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। मोहल्ला जसवल में सुनील तिवारी के खेत से गीसू साइनी के जमीन तक सीसी रोड निर्माण कार्य में प्रयोग हो रहे ईंट बहुत ही निम्न कोटि के पाए गए। एडीएम ने तत्काल निर्माण कार्य रुकवा दिया।
निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत बखिरा को निर्देश दिए कि लगे ईंट को उखाड़ कर प्रथम श्रेणी के ईंट लगवाएं। इसके लिए ईओ और जेई से छह फरवरी तक स्पष्टीकरण मांगा गया है।