- खबर प्रकाशित होने के बाद जागा जिला अस्पताल प्रशासन, सुरक्षा को लेकर की बैठक
- सीएमएस ने निगरानी रखने के दिए निर्देश
फोटो है
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला अस्पताल में तैनात 13 सुरक्षा कर्मियों के गेट पर न रहने की खबर के प्रकाशन के बाद अस्पताल प्रशासन ने वरिष्ठ चिकित्सकों के साथ बैठक कर सुरक्षा पर चर्चा की। जिसमें सभी सुरक्षा कर्मियों को वर्दी में मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए। साथ ही ओपीडी के समय पूरी निगरानी बरतने को कहा गया।
अमर उजाला ने 23 अगस्त के अंक में ‘जिला अस्पताल : कागजों में 13 गार्ड ड्यूटी पर एक भी नहीं दिखता’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। जिसके बाद अस्पताल प्रशासन जागा और वरिष्ठ चिकित्सकों के साथ सोमवार को बैठक की। सीएमएस डॉ. भवनाथ पांडेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया कि अस्पताल के सभी प्रमुख गेट पर सुरक्षा कर्मी यूनिफार्म में रहेंगे, जिससे की उनकी पहचान हो सके।
ओपीडी का संचालन सुबह आठ बजे से दो बजे तक होता है, इस दौरान हर आने-जाने वाले लोगों की निगरानी करेंगे। शक होने पर इसकी सूचना तत्काल देंगे, जिससे की कार्रवाई की जा सके। साथ ही दोपहर दो बजे के बाद परिसर की पूरी सुरक्षा कर्मियों के हवाले रहेगी। कुल 13 गार्ड अस्पताल में तैनात हैं। बैठक में गार्ड के मानदेय न मिलने का मुद्दा उठा, जिस पर नामित संस्था को पत्र लिखने की बात कही गई।
बैठक में डॉ. एपी मिश्र, डॉ संतोष त्रिपाठी, डॉ एलसी यादव, अस्पताल मैनेजर फैजान समेत अन्य मौजूद रहे।