बियर का अधिक दाम लेते पकड़ा गया दुकानदार, एसडीएम की जांच में खुला मामला
धनघटा। सोमवार को एसडीएम शराब बिक्री का हाल जानने धनघटा में स्थित बियर की दुकान पर पहुंचे। जहां 20 रुपये अधिक लेते हुए बिक्रेता पकड़ा गया।
एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि धनघटा में स्थित बियर की दुकान की जांच की गई। बियर का विक्रेता 120 रुपये प्रति बोतल की जगह 140 रुपये प्रति बोतल ग्राहकों से वसूल रहा था। जब उससे कड़ाई से पूछताछ किया गया तो उसने कहा कि दुकान के मालिक के कहने पर अधिक दाम ले रहे हैं। इतना ही नहीं दुकान पर विक्रय करने के लिए नामित व्यक्ति की जगह दूसरा व्यक्ति बिक्री करते हुए मिला। एसडीएम ने बताया कि जिला आबकारी अधिकारी को दुकानदार के विरुद्घ कार्रवाई के लिए रिपोर्ट दी गई है। इसके साथ ही दुकानदार को नोटिस भी जारी कर जवाब मांगा गया है।