- तुलसीपुर वार्ड के सभासद के भाई को फर्जी मुकदमे में फंसाने का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। नगर पंचायत के तुलसीपुर वार्ड के सभासद के भाई पर केस दर्ज कराने का मामला तूल पकड़ लिया है। मंगलवार को काफी संख्या में पहुंचे गांव के लोगों ने तहसील परिसर में स्थित सीओ कार्यालय और एसडीएम कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। दोनों अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच तथा आरोपी बनाए गए सभासद के भाई को दोषमुक्त करने की मांग की।
महिला सभासद उत्तरा निषाद तथा सभासद शाह आलम के नेतृत्व में तुलसीपुर वार्ड के लोगों ने एसडीएम और सीओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। लोगाें ने कहा कि 15 अगस्त को एक युवक व युवती घर से भाग गए थे। शिकायत दर्ज कराने पर दोनों को पुलिस ने पकड़ा। पुलिस की पूछताछ में युवक व युवती ने स्वेच्छा से घर से जाने की बात बताई थी। दो दिन बाद पुलिस ने युवती को उसके परिजनों को सौंप दिया था। उसके बाद राजनीतिक विरोध रखने वाले तथा चुनाव में पराजित लोगों ने साजिश व षड्यंत्र रचकर सभासद के भाई पर युवती को भागने में सहयोग करने का आरोप लगाकर केस दर्ज करा दिया। आरोप है कि कुछ शरारती तत्व संगठित गिरोह बनाकर लोगों को फर्जी केस में फंसाकर धनादोहन करते हैं। ऐसे लोगों के षड्यंत्र का शिकार सभासद के भाई भी हो गए। लोगों ने निष्पक्ष एजेंसी से पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की। लोगों ने बेवजह आरोपी बनाए गए सभासद के भाई का नाम केस से हटाने की मांग की। दोनों अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच करने का आश्वासन दिया। उसके बाद घेराव समाप्त हुआ। इस दौरान उर्मिला, पार्वती, झिनकी, संगीता, लक्ष्मीना, गुड़िया, प्रमिला, फूलमती, गुड्डू, सुंदर, लोरिक, धीरज, राम चयन, उर्मिला, कलावती, जोगिंदर, मनताऊ, पुनीता, सोनमती समेत अन्य मौजूद रहे।