संवाद न्यूज एजेंसी
बेलहर। उच्च प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की रुचि विज्ञान गणित व प्रौद्योगिकी क्षेत्र में बढ़ाने के लिए विकास खंड व जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं होने जा रही हैं। बच्चे क्विज में शामिल होकर व प्रदर्शनी के लिए माॅडल बनाकर अपने ज्ञान व कौशल का प्रदर्शन करेंगे। अव्वल छात्र-छात्राएं पुरस्कृत भी होंगे। ये बातें बीईओ ज्ञान चंद्र मिश्र ने बीआरसी पर शिक्षकों की बैठक में कहीं।
उन्होंने बताया कि इसमें बच्चों से तर्क, चिंतन व कल्पना पर आधारित सवाल पूछे जाएंगे। बीईओ, डायट मेंटर व विज्ञान-गणित एआरपी की चयन समिति विकास खंड स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 50 बच्चों का चयन करेगी। इन्हें पुरस्कृत करने के साथ छात्र-छात्राओं को जिला स्तर पर होने वाली विज्ञान प्रदर्शनी में शामिल कराया जाएगा। जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में विकास क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं से प्रधानाध्यापक व विज्ञान शिक्षक माॅडल बनवाएंगे। बैठक में ओम प्रकाश मिश्र, महेंद्र कुमार, रामचंद्र, मोहम्मद अहमद, संतोष त्रिपाठी, दुर्गेश कुमार आदि मौजूद रहे।