- बखिरा कस्बे के मंगल बाजार की घटना
- 26.50 ग्राम सोने के जेवर की कीमत करीब 2 लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा। कस्बे के मंगल बाजार स्थित सराफा की दुकान से साप्ताहिक बाजार के दिन जेवर देखने के बहाने दो टप्पेबाज 26.50 ग्राम सोने का लाकेट लेकर फरार हो गए। इस घटना से कस्बे के सर्राफा दुकानदारों में दहशत है। पीड़ित ने कार्रवाई के लिए बखिरा पुलिस को तहरीर दी है।
कस्बा निवासी ओमप्रकाश वर्मा निवासी बखिरा ने बताया कि सराफा की दुकान पर दोपहर करीब 12 बजे एक व्यक्ति आया, जबकि उसके साथ का एक व्यक्ति पचास मीटर दूरी पर रामजानकी मंदिर के निकट बाइक के साथ खड़ा था। कुछ देर तक जेवर देखने के बाद पसंद नही आने पर अन्य जेवर दिखाने को कहा। उसने 26.50 ग्राम के जेवर का एक पैकेट ग्राहक को देखने को दिया। इसी बीच उसका बेटा अमरनाथ दुकान के बाहर चला गया। मौका पाकर ग्राहक ने उसे चकमा देकर साढ़े छब्बीस ग्राम के जेवर लेकर फरार हो गया। बेटे के आने पर जेवर की तलाश की गई, लेकिन पैकेट में दिया गया जेवर नहीं मिला। उसके बाद ग्राहक की बाजार व आसपास के क्षेत्र में तलाश की गई, पर पता नहीं चल सका। पुलिस को तहरीर देकर कारवाई की मांग की है।
दो दिन पूर्व हुई चोरी का खुलासा होने से पहले दूसरी घटना घटी
बखिरा। पुलिस के लिए चोरी व दिनदहाड़े चकमा देकर लूटने की घटना चुनौती बन गई है। रविवार को पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर एक किराना दुकान से लाखों की चोरी के खुलासे की पुलिस जांच कर रही थी। इस मामले में पुलिस कुछ लोगो से दो दिन से पूछताछ कर रही है, लेकिन पुलिस के हाथ अभी भी खाली है। वहीं एक पखवाड़े पूर्व 30 मार्च को कस्बे के ही एक सराफा दुकानदार दिनेश वर्मा की दुकान से चार हजार नकद व जेवर के सामानों की चोरी का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। इसी बीच दिनदहाड़े दो लाख के जेवरों की लूट से सराफा कारोबारियों में दहशत है। पुलिस की कार्यप्रणाली व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यवसायी वर्ग चिंतित है।