संतकबीरनगर। दुधारा थाना क्षेत्र के सिसवा दाखिली गांव के पास एक तेज रफ्तार स्कूली बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित का प्रार्थना पत्र मिलने पर पुलिस ने मामले में केस दर्जकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित शिवप्रसाद निवासी सेमरियांवा ने बताया कि उनका लड़का नरसिंह 24 जुलाई को अपने ससुराल पिपरा बोरिंग से दिन में करीब दो बजे वापस अपने बाइक से घर आ रहा था। सिसवा दाखिली मोड़ के पास सनाबील गर्ल्स इंटर कॉलेज की बस के चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाते हुए आकर बाइक में जोरदार ठोकर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल बेटे को उपचार के लिए सेमरियांवा पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति देखकर कैली अस्पताल बस्ती और वहां से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज और फिर लखनऊ मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां पर गंभीर हालत में उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले में आरोपी स्कूल बस व उसके चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।