धर्मसिंहवा। स्थानीय नगर पंचायत सहित क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में गर्मी बढ़ते ही लो वोल्टेज की समस्या उत्पन्न हो गई है। इस भयंकर गर्मी में इलेक्ट्रिक उपकरण लोगों के लिए बेमतलब साबित हो रही हैं। वहीं बिजली निगम के अधिकारी लो-वोल्टेज के पीछे ओवरलोड होने की बात कह रहें हैं।
नगर पंचायत धर्मसिंहवा के सभी वार्डों में इस भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति सही ढंग से नहीं हो पा रही है। जो बिजली आ रही है वह भी लो वोल्टेज होने के कारण बेकार साबित हो रही है। लो वोल्टेज होने के कारण कूलर पंखा उपभोक्ताओं के लिए बेकार साबित हो रहे हैं। जिन लोगों ने स्टेबिलाइजर लगा लिया है, सिर्फ वही लोग ठीक से बिजली का उपयोग कर रहे हैं अन्य लोग दुर्दशा झेल रहे हैं। स्थानीय नागरिक डॉ. रामकिशुन, नारद प्रसाद, गोपाल अग्रहरि, गौरी शंकर चतुर्वेदी, राकेश कुमार चौरसिया, सुनील निषाद, राजेंद्र सहित तमाम लोगों ने बताया कि प्रतिवर्ष गर्मी बढ़ते ही इस क्षेत्र में बिजली अव्यवस्था का शिकार हो जाता है। इतना कम वोल्टेज सप्लाई में आता है कि जिससे पंखा सिर्फ डोलता है। अवर अभियंता शिवाकांत मौर्य ने बताया कि ओवरलोड के चलते ऐसी समस्या आ रही है। आने वाले समय में इस समस्या का समाधान हो जाएगा।