आगामी त्योहारों को देखते हुए दंगा व बलवा निरोधक उपकरणों का प्रशिक्षण दिया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। पुलिस लाइंस परेड ग्राउंड में आगामी त्योहारों को देखते हुए बुधवार को आरआई रजनीकांत ओझा की देखरेख में पुलिस टीम ने पूर्वाभ्यास किया।
नवरात्रि, दशहरा और मूर्ति विसर्जन को देखते हुए किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति से निपटने के लिए परेड ग्राउंड पर पुलिस ने पूर्वाभ्यास किया। इस दौरान पुलिस टीम को दंगा निरोधक, बलवा निरोधक उपकरणों का प्रशिक्षण एवं अभ्यास कराया गया। पुलिस बल के कर्मियों को विभिन्न प्रकार के शस्त्रों एवं दंगा नियंत्रण उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण दिया गया। दंगाइयों से निपटने के लिए विभिन्न तरीके व गुर सिखाए गए।
अभ्यास के दौरान भीड़ को तितर-बितर करने के साथ फायर ब्रिगेड की गाड़ी से पानी की बौछार, लाठी चार्ज, आंसू गैस के गोले और दंगाइयों पर रबर के गोले, एंटी राइट गन, रबर बुलेट गन, टीयर गैस गन, हैंड ग्रेनेड, मिर्ची बम आदि शस्त्रों को चला कर पूर्वाभ्यास किया। इसके अलावा विभिन्न टीमें बनाकर दंगा नियत्रंण के लिए अमल में लाए जाने वाले सभी विधिक प्रावधानों का अभ्यास किया। इस दौरान प्रशिक्षु सीओ प्रियम राजेश्वर पाण्डेय समेत अन्य मौजूद रहे।