- अमृत भारत योजना के तहत हो रहा कायाकल्य
- नौ करोड़ से आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा
स्टेशन
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद रेलवे स्टेशन आने वाले दिनों में नए लुक में दिखगा। इसके लिए अमृत भारत योजना के तहत रेलवे स्टेशन का कायाकल्प कराया जा रहा है। यहां यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं देने की तैयारी है। करीब नौ करोड़ की लागत से स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। यात्रियों के लिए फूड प्लाजा, रैंप की भी सुविधा होगी। अलग-अलग काउंटर बनेगा, वेटिंग रूम की व्यवस्था होगी। इससे यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।
खलीलाबाद रेलवे स्टेशन के कायाकल्य के लिए रेल मंत्रालय ने करीब नौ करोड़ रुपये जारी किए हैं। इससे रेलवे स्टेशन का कायाकल्प कराया जा रहा है। स्टेशन परिसर में प्रवेश करते ही जगमग लाइटें दिखेंगी। इसके लिए स्टेशन की बाहरी दीवार पर एलईडी लाइट लगाने के लिए गाडर लगाए जा रहे हैं। वहीं टिकट काउंटर का सुंदरीकरण कराया गया है। यहां मार्बल लगाने का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि वेटिंग रूम के सुंदरीकरण का भी कार्य कराया जा रहा है।
इसके अलावा यात्रियों के लिए बड़े हॉल का निर्माण कराया जा रहा है। यहां पर बैठने सहित कई सुविधाएं उपलब्ध कराए की तैयारी है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। रेलवे स्टेशन को ऊंचा करने का कार्य भी कराया गया है। स्टेशन पर यात्रियों को बैठने के लिए आकर्षक बेंच लगाए जा रहे हैं। साथ ही फूड प्लाजा भी बनाया जाएगा, जहां लोगों को विभिन्न प्रकार के व्यंजन मिल सकेंगे।
पेयजल के लिए किए गए हैं इंतजाम
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के इंतजाम किए गए हैं। साथ ही वाटर एटीएम की सुविधा भी मिलेगी। दिव्यांग यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए रैंप का निर्माण भी कराया जाना है, जबकि पूर्व में दो लिफ्ट बन चुकी है, जिसका उपयोग यात्री कर रहे हैं। रेलवे स्टेशन पर मिले अनिरुद्ध प्रसाद, सुनील आदि ने कहा कि खलीलाबाद रेलवे स्टेशन अब बदलता दिख रहा है। सुविधाएं बढ़ी है और काम भी चल रहा है। इससे और बेहतर की उम्मीद बनी हुई हैं।
खलीलाबाद रेलवे स्टेशन का कायाकल्य हो रहा है। यहां यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्य हो रहे हैं। आने वाले दिनों में स्टेशन नए लुक में दिखेगा और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
- एके गौड़, स्टेशन अधीक्षक, खलीलाबाद