धनघटा। धनघटा क्षेत्र के दुघरा उर्फ खैरा में रविवार को दोपहर में आकाशीय बिजली गिरने से पांच लोग झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए सीएचसी हैंसर में भर्ती कराया गया है। बिजली गिरने से गांव में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए लोग घरों में बैठे थे। तभी अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी। गांव में चारों तरफ उजाला फैल गया। इस बीच घर में बैठे 14 वर्षीय सत्यम, 12 वर्षीय विशाल, 50 वर्षीय कल्पनाथ, 45 वर्षीय राजमन, 55 वर्षीय किसमती देवी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। हालत बिगड़ने पर घायलों को सीएचसी हैंसर में भर्ती कराया गया है। तेज आवाज के साथ गिरी बिजली से ग्रामीण दहशत में आ गए। हादसे की जानकारी होने के बाद पीड़ित परिवारों के घरों में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सीएचसी हैंसर के चिकित्साधीक्षक डॉ. जितेंद्र चौधरी ने बताया कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने वाले सभी घायलों का इलाज चल रहा है। सभी पांच लोग खतरे से बाहर हैं।