हरिहरपुर। सावन के तीसरे सोमवार को ऐतिहासिक तामेश्वरनाथ धाम में श्रद्धालुओं ने शिव का जलाभिषेक किया। दोपहर 12 बजे तक जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों की लाइन लगी रही। इस दौरान लोगों ने मेले में खरीदारी भी की।
तामेश्वरनाथ धाम में सावन के तीसरे सोमवार को शिव मंदिर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिवलिंग का जलाभिषेक किया। इस दौरान महिला और पुरुषों की अलग-अलग लाइन लगी रही। किसी प्रकार की अनहोनी से बचने के लिए मंदिर के पोखरे की सीढ़ियों के किनारे बैरिकेडिंग की गई थी। लोगों ने शिव को जलाभिषेक कर धूपबत्ती भी जलाई। जलाभिषेक के लिए लाइन में लगे श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों को भीड़ संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। शिव मंदिर पर चेन स्नेचिंग की घटना को रोकने के लिए महिला पुलिस की भी तैनाती की गई थी।
मंदिर परिसर में किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए इसके लिए खलीलाबाद-धनघटा मुख्य सड़क से मंदिर जाने वाली सड़क पर गेट के पास बैरिकेडिंग कर चार पहिया वाहनों को रोक दिया गया था। पूर्व प्रधान नरेंद्र नाथ भारती ने बताया कि आने वाले सावन के दोनों सोमवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिव का जलाभिषेक करेंगे। मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न होने पाए इसके लिए मुकम्मल इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में हरिहरपुर के सिद्धेश्वरनाथ मंदिर, बेल्डुहा शिव मंदिर और निबिअहवा पोखरा शिव मंदिर पर लोगों ने शिव का जलाभिषेक किया।
0000000000
शिव भक्तों ने किया जलाभिषेक
रोसयाबाजार। चल रहे पवित्र सावन माह के तीसरे सोमवार को पौली क्षेत्र के शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए भोर से ही शिव भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पौली, मोहम्मदपुर में कुबेरनाथ, शंकरपुर में धनेश्वर महराज सहित क्षेत्र के तमाम मंदिरों में जलाभिषेक कर सुख-समृदि सी कामना की। मौजूद लोगों को सावन के महत्व को बताते हुए कृपाशंकर महराज ने कहा कि सावन में शिव की उपासना का विशेष महत्व होता है। सावन के सोमवार को भगवान शिव की पूजा करने से मन की हर इच्छा पूरी हो जाती है। इस मौके पर ओमकार यादव, सुनील सिंह, रामाज्ञा निषाद, सुभाष चंद्र, रामजग यादव, लल्लन यादव, नरसिंह, जितेंद्र गुप्ता, अशोक, शिवकुमार, लोकेश यादव, धनंजय कुमार आदि मौजूद रहे।