बखिरा। नगर पंचायत बखिरा के नई बाजार मुहल्ले में 150 मीटर खड़ंजा सड़क निर्माण कराया जा रहा है। इसमें 107 मीटर खड़ंजा लगाकर ठेकेदार भाग गया। पूछने पर ठेकेदार ने बजट समाप्त हो जाने की बात कही, जबकि निर्धारित बजट में ही 150 मीटर खड़ंजा सड़क निर्माण किया जाना था।
नई बाजार निवासी मिथिलेश, संगीता, ज्योति, अनूप सिंह, धर्मेंद्र उर्फ काका, नरेश, सूर्यलाल, गुरुनरायन, बनवारी लाल, श्रीनाथ, विश्वनाथ मास्टर ने कहा कि नगर पंचायत की ओर से 150 मीटर सड़क निर्माण करने की जानकारी उन लोगों को दी गई थी, लेकिन सड़क का निर्माण मात्र 107 मीटर ही हो सका है। जिम्मेदारों ने उनके साथ धोखा किया है। शेष बची हुई 43 मीटर की सड़क विगत छह महीने से निर्माण के अभाव में पड़ी हुई है। मुहल्ले के लोग नगर पंचायत कार्यालय का चक्कर लगाकर थक चुके है। अब बरसात के दिनों में रास्ते में कीचड़ होने की वजह से लोगों को आने जाने में दुश्वारी हो रही है। बारिश की वजह से यह सड़क कीचड़ में तब्दील हो गई है। आवागमन का यही एक मात्र मार्ग होने के वजह से नई बाजार मुहल्ले की हजारों की आबादी को काफी दिक्कत हो रही है। लोगों ने ईओ से सड़क निर्माण की मांग की है। ईओ आदित्य प्रकाश से सड़क निर्माण शीघ्र पूरा किए जाने का आश्वासन दिया है।