संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के बरदहिया बाजार में शनिवार की रात करंट की चपेट में आने से एक व्यापारी पुत्र की मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। जानकारी के अनुसार गोरखपुर जनपद के राजघाट थाना क्षेत्र स्थित रायगंज मोहल्ले के व्यापारी इकरार अहमद बरदहिया बाजार में कपड़े की दुकान लगाते थे। उनके साथ बेटा अमन अली उम्र 20 वर्ष भी शनिवार को दुकान पर मौजूद था। भीषण गर्मी के बीच उनके दुकान पर लगा कूलर खराब हो गया। जिसे व्यापारी पुत्र अमन अली सही कर रहा था। कूलर सही करने के दौरान करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। आनन-फानन में लोग उसे लेकर जिला अस्पताल गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।