भैंस चराने गया किशोर आमी नदी में डूबा
- स्थानीय गोताखोर डूबे किशोर की नदी में कर रहे तलाश
- बेटे की सलामती के लिए परिजन ईश्वर से कर रहे दुआ
- एसडीआरएफ की टीम बुलाने के लिए पुलिस ने दी रिपोर्ट
बघौली। बुधवार को भैंस चराने गया बालूशासन गांव निवासी एक किशोर आमी नदी में डूब गया। सूचना पर आस-पास के लोगों के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में डूबे युवक की तलाश शुरू कराई,लेकिन पता नहीं चला।
बघौली चौकी इंचार्ज शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि बालूशासन गांव का रहने वाला 16 वर्षीय खुशियाल साहनी पुत्र सुख लाल और दस वर्षीय सचिन पुत्र रामप्रीत बुधवार को आमी के किनारे भैस चराने गए थे। उसी दौरान भैंस आमी नदी में चली गई। बाद में भैंस नदी के दूसरे किनारे चली गई। भैंस को वापस अपनी तरफ लाने के लिए खुशियाल और सचिन नदी पार करके जा रहे थे। उसी दौरान खुशियाल नदी में डूब गया। जबकि सचिन उसे डूबता देख कर बीच नदी से वापस लौट आया। सचिन ने शोर मचाया तो आस-पास के लोग दौड़ पड़े । बाद में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर वह भी अपने सहयोगी पुलिस कर्मियों के साथ गए और स्थानीय गोताखारों की मदद से तलाश शुरू कराई,लेकिन डूबे किशोर का पता नहीं चला। एसडीआरएफ की टीम बुलाने के लिए रिपोर्ट दे दी गई है। उम्मीद है कि जल्द ही एसडीआरएफ की टीम भी पहुंच जाएंगी। इधर बेटे की सलामती को लेकर परिजन परेशान थे।