मेंहदावल। क्षेत्र के एक गांव में जिंदा व्यक्ति को मृतक दिखाकर दूसरे के नाम से जमीन वरासत कर दिए जाने की घटना सामने आई है। आरोप है कि बार-बार शिकायत के बाद भी लेखपाल समस्या की अनदेखी कर रहा था। पीड़ित ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में एसडीएम ने जांच बैठाई है।
मेंहदावल थाना क्षेत्र के बाराखाल निवासी श्रीधर का गांव में ही कुछ भूमि का टुकड़ा है। यह वर्षों से इसपर कब्जा भी है। कुछ माह पूर्व हल्का लेखपाल ने श्रीधर को मृतक दिखाकर कुछ अन्य लोगों के नाम से भूमि की वरासत कर दी। श्रीधर के पुत्र घनश्याम को कुछ समय बाद मामले की जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। पीड़ित का आरोप है है कि उन्होंने संबंधित लेखपाल से शिकायत की तो लेखपाल ने वरासत को ठीक करने के लिए दो लाख रुपये की मांग करने लगे। पैसा न देने के कारण लेखपाल ने जमीन की वरासत को सही नहीं किया। अब श्रीधर के पुत्र घनश्याम ने एसडीएम मेंहदावल उत्कर्ष श्रीवास्तव से मामले की शिकायत की। लेखपाल के इस गलत कार्य पर एसडीएम बिफर पड़े। उन्होंने तहसीलदार मेंहदावल को पूरे मामले की जांच कर जांच रिपोर्ट तलब की है। तहसीलदार ने मामले की जांच शुरू कर दिया है। मामला चर्चा में आने के बाद समूचे तहसील में हड़कंप मचा हुआ है।
मामले की शिकायत मिलने के बाद तहसीलदार मेंहदावल को जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आरोप अगर सही साबित हुए तो संबंधित पर कड़ी कार्रवाई होगी। इस प्रकार की घटना को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
- उत्कर्ष श्रीवास्तव, एसडीएम, मेंहदावल