संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के बंजरिया पूर्वी मोहल्ला के खाली प्लाॅट में भरे पानी में मंगलवार को सुबह मिले शव की शिनाख्त पुलिस ने कर ली है। मृतक वर्तमान में शहर ट्यूबवेल काॅलोनी का रहने वाला है। मृतक की मां के पहचान करने के बाद पुलिस पोस्टमाॅर्टम व अन्य कार्रवाई में जुट गई है।
एक दिन पूर्व बंजरिया मोहल्ले में शव बरामद होने के बाद पुलिस ने सभासद प्रतिनिधि की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई करके शव को जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी में रखवा दिया था। देर शाम को एक महिला ने शव की पहचान अपने बेटे के रूप में की। कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि गोला चौकी क्षेत्र में मिले शव की पहचान कार्तिकेय पांडेय उर्फ अंकुर 24 वर्ष निवासी ग्राम घोरही थाना महुली के रूप में हुई। उसकी मां संगम पांडेय ने शव की शिनाख्त की है। अस्थाई रूप से वह अपने परिजनों के साथ ट्यूबवेल कॉलोनी में रहता था। लड़का अत्यधिक नशा करता था। जिससे घर के लोग बहुत परेशान थे। पिछले तीन साल से अंकुर को लगातार नशा मुक्ति केंद्र में भेज रहे थे। जिसके तहत दिल्ली, लखनऊ व गोरखपुर नशा मुक्ति केंद्र में रह चुका है।
पिछले दो माह पहले वह लखनऊ नशा मुक्ति केंद्र से आया था। इधर भी वह अत्यधिक नशा करता था। जिससे घर के लोग बहुत परेशान थे। कोतवाल ने बताया कि शव की पहचान होने के बाद मृतक का पोस्टमाॅर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पोस्टमाॅर्टम के बाद परिजनों को शव का अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया जाएगा।