शहर में जाम की समस्या दूर करने तथा लोगों को आवागमन को आसान बनाने के लिए प्रशासन ने पहल की है। इसके तहत कलक्ट्रेट के सामने से अजमापुर तक जाने वाली सिंगल लेन सड़क का चौड़ी कराने की तैयारी है। इससे यहां के आफिसर्स कालोनी, सहित तमाम गांव के लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी।
शहर के कलक्ट्रेट से होकर डीएम आवास को जोड़ते हुए गई सिंगल की सड़क के कारण लोगों को आने- जाने में समस्या झेलनी पड़ती है। अक्सर जाम की समस्या हो रही है। इस समस्या को दूर करने के लिए डीएम ने बांसी- नंदौर खलीलाबाद मार्ग के कलेक्ट्रेट से जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है।
डीएम के भेजे प्रस्ताव में बताया गया है कि इस मार्ग की कुल लंबाई 1. 20 किलोमीटर है। वर्तमान में इस मार्ग की चौड़ाई करीब तीन मीटर है। जिससे एक साथ दो वाहनों के गुजरने के दौरान समस्या उत्पन्न होती होती है। अक्सर जाम की समस्या भी बनी रहती है।
ऐसे में इस मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की जरूरत है। वैसे भी इस मार्ग पर जैव विविधता पाार्क और आफिसर्स कालोनी भी है। इस मार्ग के चौड़ीकरण से शहर वासियों को भी आवागमन में सुविधा होगी। इस क्षेत्र के ओम प्रकाश, राजेंद्र आदि ने कहा कि इस मार्ग के चौड़ीकरण की सख्त आवश्यकता है। इससे लोगों को आने- जाने में होने वाली परेशानी दूर हो जाएगी।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि शहर के कलक्ट्रेट से जैव विविधता पार्क होकर आगे जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। जल्द ही इसकी स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। इससे लोगों को आने- जाने में काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।