बेलहर कलां के मंझरिया पठान गांव में गांव के लोगों ने सफाई कर्मी के खिलाफ किया प्रदर्शन। संवाद
बेलहर। विकास खंड बेलहर कला के ग्राम पंचायत मझरियां पठान में सफाई कर्मी के गांव में नहीं आने की वजह से गंदगी फैली हुई है। इससे नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को गांव में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने डीपीआरओ से जांच कराकर सफाईकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीण कमरुद्दीन, अजीज अहमद, अब्दुल मन्नान, शब्बीर खान, समसुद्दीन, जाफर, इस्तियाक, मैनुदीन, गुफरान, रसूल, कमरूदीन, नसीम ने कहा कि ग्राम पंचायत को साफ सुथरा करने के लिए सफाई कर्मी की तैनाती की गई है। आरोप है कि यहां तैनात सफाईकर्मी ब्लॉक पर बीडीओ की खिदमत में लगे रहते हैं, जिससे गांव में गंदगी का अंबार लगा है। गंदगी की वजह से संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। कई बार ब्लॉक के अधिकारियों से शिकायत भी की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे परेशान होकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन का रास्ता अपनाया। ग्रामीणों ने डीपीआरओ से जांच कराकर उक्त सफाईकर्मी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
एडीओ पंचायत सभाजीत यादव ने बताया कि गांव में रोस्टर लगाकर सफाई कराई जाएगी। लापरवाह सफाईकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की रिपोर्ट दी जाएगी। डीपीआरओ प्रमोद यादव ने बताया कि सफाई कर्मी को गांव जाकर सफाई करने का निर्देश है। यदि सफाई कर्मी कार्य नहीं कर रहा है, जांच कराकर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।