संतकबीरनगर। जनपद में शनिवार को थाना समाधान दिवस पर राजस्व से जुड़ी 81 और पुलिस की 14 समेत कुल 95 शिकायतें पहुंची। इसमें राजस्व से जुड़े छह मामलाें काे अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारित किया। बाकी के 89 मामलों में पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम गठित करके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए सौंप दिया गया।डीएम आलोक कुमार व एसपी संदीप कुमार मीना ने संयुक्त रूप से कोतवाली खलीलाबाद पर आयोजित थाना समाधान दिवस पर फरियादियों की समस्याओं को सुना। फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध समाधान करने के लिए संबंधित को निर्देश दिए। थाना समाधान दिवस की शिकायतों को सुनकर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और स्थलीय निरीक्षण करके समस्या का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन प्रार्थना पत्रों का निस्तारण उच्चाधिकारी स्तर से किया जाना है उन पर रिपोर्ट लगाकर संबंधित अधिकारी को भेजें, जिससे समय से उचित निस्तारण कराया जा सके।