सब्जी की दुकानें लगाने के लिए इंटरलाॅकिंग सड़क होगी दुरुस्त
सार्वजनिक शौचालय के साथ ही पीने के पानी की होगी व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर बदल रहा है। इस मुहिम के तहत अब एक करोड़ रुपये खर्च कर पुरानी सब्जी मंडी को संवारने की तैयारी चल रही है। इससे यहां दुकानें लगाने वाले सब्जी विक्रेताओं के साथ ही मंडी में आने वाले ग्राहकों की परेशानी दूर होगी। इससे लोगों को सहूलियत मिलेगी। पालिका प्रशासन जल्द ही कार्य शुरू कराने के लिए तैयारी में है।
खलीलाबाद के नेहरू चौक से बरदहिया बाजार जाने वाले मार्ग पर सब्जी की फुटकर दुकानें लगती हैं। यहां सड़क की दोनों पटरियों पर प्रतिदिन दुकानें लगती हैं। यहां से शहरवासी सब्जी खरीदते हैं। यहां पर सब्जी विक्रेताओं की सुविधा के लिए अभी तक कुछ भी नहीं है। इंटरलॉकिंग सड़क भी कई जगह धंस गई है।
ऊबड़-खाबड़ जगह पर किसी प्रकार सब्जी की दुकानें लगाई जा रही हैं। सब्जी को सूखने से बचाने के लिए पानी की जरूरत पड़ती है, लेकिन पानी का इंतजाम तक नहीं हैं। सड़क तक दुकानें लगने के कारण इस मार्ग पर शाम के समय आना-जाना मुश्किल हो जाता है। करीब एक किलोमीटर के दायरे में लगने वाली सब्जी मंडी में अक्सर जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है।
पालिका प्रशासन ने अब इन समस्याओं को दूर करने के लिए पहल की है। इसके लिए एक करोड़ खर्च कर पुरानी सब्जी मंडी की तस्वीर बदलने की तैयारी है। जो कार्य योजना बनी है, उसके मुताबिक, इंटरलाॅकिंग सड़क जहां पर धंस गई या टूट गई हैं। उन्हें दुरुस्त कराया जाएगा। साथ ही सब्जी की दुकानें पीछे लगे, इसके लिए इंटरलाॅकिंग को थोड़ा ऊंचा किया जाएगा। ताकि दुकानें पीछे लगें और पटरियों पर ग्राहक खड़े होकर सब्जी की खरीदारी कर सकें। इसके साथ ही पीने के पानी की व्यवस्था कराई जाएगी।
सब्जी मंडी में आने वाले लोगों और दुकानदारों के लिए सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। यही नहीं ठेले पर फल लगाने वालों के लिए मुखलिसपुर तिराहे के ओवरब्रिज के नीचे व्यवस्था की जानी है।
नवीन मंडी में लगती है थोक सब्जी की दुकानें
शहर में जाम की समस्या को दूर करने के लिए खलीलाबाद के सरैया बाईपास पर नवीन मंडी का निर्माण कराया गया है। यहां पर सब्जी की थोक दुकानें लगती हैं। इसके साथ ही गल्ला आदि के व्यापारी भी नवीन मंडी में ही दुकानें लगाते हैं। इसके बाद भी पुरानी सब्जी मंडी में फुटकर दुकानें लगती हैं।
कोट
पुरानी सब्जी मंडी में सब्जी विक्रेताओं व ग्राहकों की समस्याओं को दूर करने के लिए एक करोड़ खर्च कर व्यवस्था सुधारी जाएगी। जल्द ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
-जगत जायसवाल, चेयरमैन नगर पालिका परिषद खलीलाबाद