संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। ब्रिटेन की नागरिकता हासिल करने के बाद भी आजमगढ़ के मदरसे से सैलरी लेने के मामले में मौलाना शमशुल होदा खान से 16 लाख 59 हजार रुपये की वसूली होगी।
मौलाना की ब्रिटेन की नागरिकता लेने का खुलासा होने के बाद अल्पसंख्यक कल्याण विभाग आजमगढ़ ने 16.59 लाख रुपये गलत तरीके से भुगतान होना पाया और पत्र निदेशालय को भेजा था। निदेशालय से डीएम और अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को वसूली का पत्र भेजा है।
साथ ही जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को आजमगढ़ से सभी वसूली से संबंधित अभिलेख लेकर तहसील प्रशासन के माध्यम से वसूली कराकर विभागीय खाते में जमा कराने के निर्देश मिले हैं।
देवरिया लाला गांव निवासी शमशुल होदा खान पर धीरे-धीरे प्रशासनिक शिकंजा कसता जा रहा है। इधर मौलाना के खिलाफ पुलिस ने भी केस दर्ज करके विवेचना शुरू कर दी है।
वहीं उसके बेटे को गिरफ्तार करके जेल भी भेजा गया था। डीएम कोर्ट से निर्देश के बाद खलीलाबाद तहसील प्रशासन ने पहले मौलाना की दोहरी नागरिकता के बाद खरीदी गई जमीन को राज्य सरकार के खाते में निहित किया।
साथ ही मदरसे के भवन को कब्जे में लेकर सील कर दिया है। अब अल्पसंख्यक कल्याण निदेशालय की तरफ से दोहरी नागरिकता के बाद मदरसे से ली गई सरकारी धनराशि को वसूलने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए वहां से डीएम एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को पत्र आ चुका है। जिसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू हो गई है।