कांवड़ यात्रा के लिए बदला रूट, 26 तक हाईवे पर नहीं चलेंगे वाहन
संतकबीरनगर। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर प्रशासन ने गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रूट डायवर्ट कर दिया है। शनिवार की देर शाम राजमार्ग पर आवागमन बंद कर दिया गया। यह व्यवस्था 26 जुलाई की सुबह 11 बजे तक रहेगी। इस बीच गोरखपुर से लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन दुर्गा मंदिर मगहर से घघसरा, बखिरा, नंदौर, बांसी होकर चलेंगे। जबकि, धनघटा की ओर जाने वाले वाहनों को आंबेडकर नगर होकर भेजा जाएगा। शनिवार को डीएम दिव्या मित्तल व एसपी सोनम कुमार ने मेंहदावल बाईपास पर तैयारियां का जायजा लिया।
सावन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या से सरयू का जल भरने के बाद पैदल चलकर बस्ती के भद्रेश्वरनाथ मंदिर में जल चढ़ाते हैं। कांवड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की संचलन व्यवस्था बदल दी गई है। खलीलाबाद स्थित मेंहदावल बाईपास और डीघा बाईपास से वाहनों का संचलन बंद रहेगा।
डीएम दिव्या मित्तल व एसपी सोनम कुमार ने कानून एवं शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर का भ्रमण किया और रूट डायवर्जन का निरीक्षण किया। उन्होंने आमजन को आपस में प्रेम, सौहार्द बनाए रखने के साथ ही पुलिस प्रशासन से सहयोग की अपील की। उन्होंने बताया कि जनपद पुलिस सोशल मीडिया पर लगातार दृष्टि रख रही है। अफवाह, भ्रामक व झूठे संदेश फैलाने सहित शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वालों तथा अराजकतत्वों, उपद्रवियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एसपी सोनम कुमार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही रूट डायवर्जन का पालन करवाने के लिए पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। रूट डायवर्जन के अनुसार ही वाहनों को चलने की अनुमति दी जाएगी। लखनऊ से लौटने के दौरान भी वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्ग से अलग हटकर निर्धारित मार्ग से चलना होगा।
गोरखपुर से लखनऊ की तरफ जाने वाले वाहनों को मगहर दुर्गा मंदिर से मोड़ दिया जाएगा। वाहन घघसरा, बखिरा, बांसी, बलरामपुर होकर लखनऊ पहुंचेंगे। खलीलाबाद के मेंहदावल बाईपास से भी वाहनों को मेंहदावल, बखिरा मार्ग से जाने की अनुमति होगी। धनघटा की तरफ से लखनऊ जाने वाले वाहनों को आंबेडकर नगर से होकर गुजरना होगा। - बृजेश यादव, प्रभारी यातायात निरीक्षक