मेंहदावल। मौसम के बदलते मिजाज के बीच यहां चुनाव के समीकरण हर पल बदल रहे हैं। यहां प्रमुख चेहरों के बीच चुनावी लड़ाई सिमटती दिख रही है। प्रत्याशी चुनाव में हर घर तक पहुंचने के लिए जी-जान से जुटे हैं।
मेंहदावल नगर पंचायत के विष्णु बताते हैं तो लड़ाई तो बहुत कठिन है। भाजपा उम्मीदवार अंजना पांडेय की निगाह सजातीय वोटरों के साथ निषाद बाहुल्य क्षेत्रों में लगी हुई है। मेंहदावल के बुल्हुर निषाद बताते हैं कि विकास के मुद्दे पर वोट करेंगे। सैयद कहते हैं कि अभी चुनाव का जो माहौल है, उसके मुताबिक कांटे की टक्कर हो सकती है।
कांग्रेस ने हिंदू युवा वाहिनी से कांग्रेस में आए युवा नेता रजनीश प्रताप सिंह की माता तारामती सिंह को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, बसपा ने भाजपा से टिकट न मिलने पर दल बदल कर आए चेयरमैन मोतीलाल जायसवाल की पत्नी प्रमिला जायसवाल पर भरोसा जताया है। भाजपा से टिकट न मिलने से नाराज हुए बागी पवन तिवारी की पत्नी कल्याणी तिवारी निर्दल मैदान में हैं।