लखनऊ में लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद से मिलते सदर विधायक अंकुर राज तिवारी।
- सदर विधायक के प्रयास से बनकटिया- पचपोखरी मार्ग का होगा चौड़ीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की बदहाली दूर करने के लिए कदम उठाया जा रहा है। क्षेत्र की कई सड़कों की शासन से स्वीकृति मिल गई तो कुछ सड़कों की स्वीकृति जल्द हो जाएगी। इस दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि विधानसभा क्षेत्र के बनकटिया से पचपोखरी मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढीकरण होगा। जिसकी लंबाई करीब नौ किलोमीटर है। इसकी स्वीकृति शासन ने प्रदान कर दी है। इस सड़क के चौड़ीकरण पर 34 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
बरसात के बाद सड़क के चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो जाएगा। इससे क्षेत्र के डेढ़ सौ से अधिक गांवों के लोगों को आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। इसके साथ ही पायलपार- भुवरिया मार्ग के चौड़ीकरण की भी स्वीकृति मिली है। इस पर करीब 29 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए प्रथम किस्त भी उपलब्ध हो गई है। इसी के साथ ही मैनसिर से मोलनापुर लगभग 13 किलोमीटर लंबी सड़क और नौरंगिया से गोरयाभार जिगिना मार्ग के चौड़ीकरण की भी जल्द स्वीकृति मिलने का लोक निर्माण मंत्री ने आश्वासन दिया है। पूरा प्रयास है कि जल्द ही इसकी स्वीकृति मिल जाए।
सदर विधायक ने कहा कि इन सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढीकरण के लिए लखनऊ में लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद से मिलकर पत्र सौंपा गया था। आने वाले दिनों में अन्य सड़कों के निर्माण के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।