मेंहदावल। तहसील क्षेत्र में कई संपर्क मार्गों की स्थिति बेहद खराब है। सड़क पर गड्ढे पड़ गए हैं। संपर्क मार्गों की मरम्मत का कार्य नहीं कराने से लोगों को आवागमन में दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं। लोगों ने सड़क मरम्मत के कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गड्ढा मुक्त अभियान जनपद में फेल नजर आ रहा है। मेंहदावल के कछार क्षेत्र में स्थित बनकसिया-नौगों चार किलोमीटर लंबी सड़क की स्थिति बेहद खराब है। सड़क की गिट्टी उखड़ गई हैं। अमित, केशव शर्मा, धर्मवीर यादव, विनय व विकास सिंह ने बताया कि दो वर्ष पहले इस सड़क को गड्ढा मुक्त किया गया था लेकिन अब सड़क जगह-जगह उखड़ गई है। मेंहदावल के कछार क्षेत्र में स्थित जब्बार दादरा संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य चार वर्ष पहले कराया गया था। सड़क कई जगह पर टूटी है और गिट्टियां पूरी तरह से उखड़ गई हैं। जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस सड़क से 10 से अधिक गांवों के लोग आवागमन करते हैं।