मगहर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रैना पेपर मिल मगहर के पास शुक्रवार की रात साढ़े सात बजे ट्रक की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। बाद में आस-पास के लोग और राहगीर मौके पर जुट गए। बाद में सूचना पर मगहर चौकी की पुलिस के अलावा प्रभारी कोतवाल भी मौके पर पहुंच गए। प्रभारी कोतवाल सुभाष मौर्या ने बताया कि अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक की उम्र करीब 22 वर्ष आंकी गई। बाइक के नंबर से युवक गोरखपुर के चिलुआताल क्षेत्र का निवासी होना बताया जा रहा है। वैसे अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव को कब्जे में लेकर पहचान कराए जाने की कोशिश की जा रही है। क्षतिग्रस्त बाइक भी कब्जे में ले ली गई है।
शोभित कुमार पांडेय