- सड़क के बीचोंबीच गड्ढा खोदे जाने से बढ़ी मुसीबत
- कार्य तेजी से न कराए जाने से आवागमन हो रहा प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मसिंहवा। जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत स्थानीय कस्बे के आबादी क्षेत्र में सप्लाई पाइप बिछाने के लिए आईसीसी सड़क तोड़कर एक माह से छोड़ दिया गया है। धीमी कार्य प्रगति और सड़क के बीचो-बीच गड्ढा खोदे जाने के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने जल्दी से पाइप बेचकर सड़क को ठीक कराए जाने की मांग की है।
धर्मसिंहवा नगर पंचायत के मुख्य कस्बा धर्मसिंहवा के आबादी क्षेत्र में वाटर सप्लाई का पाइप बिछाने को लेकर ठेकेदार में आरसीसी सड़क को बीचों-बीच तोड़कर लगभग तीन फुट गड्ढा कर दिया है। ज्यादा दिनों से गड्ढा खोदकर छोड़ देने के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हो रहा है। एक तो गड्ढा खुदा हुआ है दूसरा निकला हुआ मलवा सड़क पर बिखरा पड़ा है। स्थानीय नागरिक नियाज अहमद, निसार अहमद, संजय पांडेय, राजेश कुमार, जवाहर प्रसाद व अन्य ने बताया कि ठेकेदार लगभग एक महीने से सड़क के बीचो बीच गड्ढा खोदकर छोड़ दिया है। ठेकेदार ने आश्वासन दिया था कि जल्द ही गड्ढे में पाइप डालकर उसे बंद कर दिया जाएगा। ज्यादे दिन से गड्ढा खुदे होने के कारण लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ठेकेदार को निर्देशित किया जाए जल्द से जल्द पाइप बिछाए और गड्ढा को भर दे।