शोभित कुमार पांडेय
संतकबीरनगर। एक सप्ताह बाद बारिश का मौसम शुरू हो जाएगा। इधर जिले की छह प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण के लिए भेजे गए प्रस्ताव की स्वीकृति अभी तक शासन से नहीं मिल पाई है। ऐसे में बारिश के इस मौसम में भी गड्ढायुक्त सड़कों पर लोगों को हिचकोले खाने पड़ेंगे। खराब सड़कों पर सफर करने से जहां वाहनों में खराबी आती है, वहीं स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ता है। यह जर्जर सड़कें हर प्रकार के वाहन चालकों और यात्रियों को कमर और घुटने का दर्द दे रही हैं।
जिले की छह सड़कों के 61 .21 किलोमीटर दूरी के चौड़ीकरण पर 215. 70 करोड़ खर्च प्रस्तावित है। इसमें पायलपार से भुवरिया तक नौ किलोमीटर सड़क पर 29 .29 करोड़ लागत आएगी। दूसरी सड़क बेलौहा- अतरीनानकार अन्य जिला सड़क जो बनकटवा से निकल कर राजेडीहा होते जुए धर्मसिंहवा, अतरीनानकार से सिद्धार्थनगर- गोरखपुर - धानी मार्ग को जोड़ती है। 17. 55 किलोमीटर सड़क पर 52. 68 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
तीसरी सड़क बनकटिया- पचपोखरी मार्ग नौ किलोमीटर 33. 31 करोड़ से बननी प्रस्तावित है। चौथी सड़क पैडी- दानोकुईया - हनुमानगंज - रूधौली मार्ग को जनपद की सीमा में आठ किलोमीटर तक 29. 61 करोड़ से बनाई जानी प्रस्तावित है। पांचवी सड़क लोहरौली - जगंलदशहर मार्ग करीब 11. 66 किलोमीटर तक 43. 16 करोड़ लागत से चौड़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है। छठवीं सड़क लोहरैया- औराडाड़ तक छह किलोमीटर दूरी तक 22. 20 करोड़ से बनना प्रस्तावित है।
पीडब्ल्यूडी ने करीब एक महीने पहले इन प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भेज दिया था, लेकिन अभी तक शासन से स्वीकृति नहीं मिल पाई है। यदि जल्द सड़क को स्वीकृति भी मिल जाए तो टेंडर आदि की प्रक्रिया में तीन महीने का वक्त लग जाएगा। ऐसे में इस बारिश में सड़कों पर बने गड्ढों में पानी भरेगा और उसी से होकर हिचकोले खाते हुए लोगों को सफर करना पड़ेगा। दूसरी तरफ इन जर्जर सड़कों से जो भी वाहन चालक निकलते हैं, उसके चालक और यात्रियों को गड्ढे से वाहनों के निकलने पर कमर और घुटने में एक झटका सा लगता है और वह उनकी कमर और घुटने में दर्द होने की शिकायत बढ़ रही है।
संवाद
-
जिन छह प्रमुख सड़कों का प्रस्ताव पीडब्ल्यूडी ने शासन को भेजा है, उसकी जल्द स्वीकृति मिल जाएगी। इसके लिए शासन में पहल की जाएगी। इन सड़कों का चौड़ीकरण होने से लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
- प्रवीण निषाद, सांसद
पीडब्ल्यूडी के जरिये भेजे प्रस्तावों की स्वीकृति के लिए शासन में पहल की गई है। उम्मीद है कि बहुत जल्द ही इन सड़कों के निर्माण की स्वीकृति भी मिल जाएगी। जिले की सड़कें सुदृढ़ हो और लोगों को आवागमन में सुविधा हो, इस ओर शासन विशेष ध्यान दे रहा है। पूरी कोशिश है कि विधानसभा क्षेत्र की खराब सड़कें जो भी बची है, उनका भी प्रस्ताव भेज कर स्वीकृति कराई जाएगी।
-अंकुर राज तिवारी, विधायक सदर
गड्ढायुक्त सड़कों पर सफर करने से गर्दन में दिक्कत हो सकती है। इसके साथ ही कमर और घुटने में दर्द होने की पूरी आशंका बनी रहती है। इसके बचाव के लिए खराब सड़कों पर धीती गति से बाइक से सफर करें। हेलमेट का प्रयोग करें। कोशिश करें कि खराब सड़कों पर लंबी दूरी तय न करें।
-डॉक्टर वीके गुप्ता, हड्डी रोग विशेषज्ञ
-
एक माह पहले छह प्रमुख सड़कों के 61 .21 किलोमीटर दूरी तक चौड़ीकरण कराए जाने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसके चौड़ीकरण में 215.70 करोड़ रुपये की लागत आएगी। सड़क सात मीटर चौड़ी बनाई जाएगी। उम्मीद है कि जल्द ही सड़क निर्माण की स्वीकृति मिल जाएगी।
- राकेश कुमार पांडेय, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी