कटारी मिर्च के पास सड़क निर्माण के कार्य को देखते सहायक अभियंता।संवाद
संतकबीरनगर। धनघटा क्षेत्र के कटार मिश्र- बरपरवा मार्ग के निर्माण कार्य में घोर अनियमितता बरती जा रही है। मिट्टी के ऊपर गिट्टी डालकर सड़क का लेपन करना देख शनिवार को गांव के लोग भड़क गए। काम रोककर इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंचे सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता ने ठेकेदार को फटकार लगाते हुए मानक के तहत कार्य कराए जाने का निर्देश दिया।
गांव के झिनक प्रसाद, असलम खान, अभिनव प्रताप, राघवेंद्र पांडेय, अर्जुन प्रसाद, अभिमन्यु, राजू उपाध्याय, साहुल यादव आदि ने कहा कि कुआनों नदी के किनारे कटार मिश्र से बरपरवा तक जाने वाले बांध पर पक्की सड़क बनाई जा रही है। सड़क के निर्माण में नीचे मिट्टी है, तो उसके ऊपर पिचिंग कार्य किया जा रहा है। मिट्टी में तारकोल न पकड़ने के कारण सड़क एक तरफ बनाई जा रही है, तो दूसरी तरफ उखड़ रही है। मानक विहीन कार्य को देख गांव के लोग नाराज हो गए और निर्माण कार्य बंद करा दिया।
इसकी जानकारी सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता को दी। मौके पर पहुंचे सहायक अभियंता सतीश चंद्र ने ठेकेदार को फटकार लगाते हुए मानक के तहत कार्य कराए जाने का निर्देश दिया। सहायक अभियंता के समझाने के बाद गांव के लोग मान गए और उसके बाद सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो सका।