बगहिया के पास सड़क पर बना गढ्ढा।संवाद
संतकबीरनगर। मानसून आने में मात्र चार दिन बचे हैं, लेकिन शहर की सड़कें गड्ढा मुक्त नहीं हो सकी हैं। वह भी तब जब सड़कों को गड्ढा मुक्त किए जाने का दावा किया जा रहा है। स्थिति यह है कि कई सड़कें इस कदर जर्जर हो चुकी हैं कि बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे आने-जाने में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में बारिश होने पर गड्ढा युक्त सड़कें मुसीबत बन जाएंगी।
शहर के विधियानी, रेलवे स्टेशन, नेदुला से विकास भवन जाने वाला मार्ग, औद्योगिक क्षेत्र आदि सड़कें वर्तमान में गड्ढों में तब्दील हैं। विधियानी मोड से रेलवे स्टेेशन जाने वाली सड़क पर काफी बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। गिट्टियां उखड़कर बिखरी पड़ी हैं। इसी मार्ग से होकर धनघटा आदि के लिए बड़े वाहनों का आना-जाना होता है। इस रोड पर कई स्कूल-कॉलेज व कोचिंग संस्थान चलते हैैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ने आते हैं। सड़क पर गड्ढा होने के कारण लोगों को काफी दुश्वारियाां झेलनी पड़ रही हैं। हल्की बारिश हो जाने पर ही गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे मुश्किलें और बढ़ जाती है।
यही हाल नेदुला से विकास भवन जाने वाले मार्ग की भी है। नेदुला चौराहे से आगे बढ़ते ही गड्ढों की भरमार है। गिट्टियां उखड़ कर बिखरी पड़ी हैं। इस मार्ग पर नाली की व्यवस्था न होने के कारण लोगों के घरों का गंदा पानी सड़क पर बहता रहता है। इसी मार्ग से होकर अधिकारियों का भी आना-जाना होता है, इसके बाद भी कोई ध्यान नहीं दे रहा है। शहर के औद्योगिक क्षेत्र में भी सड़कों की हालत काफी खराब है। सड़कें जगह- जगह टूट गई हैं। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में माल वाहन आते हैं। इसके बाद भी सड़कों की दुरूस्त करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। हालांकि औद्योगिक क्षेत्र में सड़क की मरम्मत आदि कार्य के लिए योजना बनी थी, लेकिन वह फाइलों में सिमटी हुई हैं। अब जबकि मानसून आने में मात्र चार दिन बचे हैं, ऐसे में यदि बारिश शुरू हो गई तो सड़क पर बने गड्ढों में पानी भरेगा और लोगों की दुश्वारियां और बढ़ जाएंगी।
शहर के निवासी महेश कुमार, दिलीप कुमार आदि ने कहा कि बरसात से पूर्व यदि सड़कें नहीं बनी तो काफी परेशानी उठानी पड़ सकती है। लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता राकेश पांडेय का कहना है कि सड़कों को गड्ढा मुक्त किया गया था, जहां कमियां है, उन्हें जल्द ही दूर करा लिया जाएगा।