संतकबीरनगर। कुंभ स्नान के लिए गए कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के एकमा गांव के निवासी एक रिटायर्ड पोस्टमास्टर की हृदयाघात से मौत हो गई। वह अपने रिश्तेदारों के साथ निजी वाहन से प्रयागराज गए थे। एकमा गांव के निवासी राहुल राय ने बताया कि गांव के 70 वर्षीय प्रमोद बिहारी उर्फ चिन्नी राय पुत्र इंद्रजीत राय तीन दिन पूर्व अपने रिश्तेदारों के साथ निजी वाहन से कुंभ स्नान के लिए गए हुए थे। मंगलवार की रात में दो बजे के करीब वह स्नान करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द होने लगा। उनके साथ गए उनके रिश्तेदार उन्हें लेकर इलाज के लिए एंबुलेंस खोजने लगे। इसी दौरान उनकी अचानक मौत हो गई। इसके बाद रिश्तेदार उनके शव को मेला प्रशासन के सहयोग से बाहर निकलवाए तथा घर के लिए रवाना हो गए। उनके दो बच्चे हैं। एक राजेश राय तथा दूसरे सत्यप्रकाश राय। दोनों ही काम के सिलसिले में दिल्ली में रहते हैं। लोगों ने उनको भी सूचना दी। इसके बाद वह घर के लिए रवाना हो गए। देर शाम दोनों भाई भी घर पहुंच गए हैं, लेकिन अभी प्रमोद बिहारी राय का शव घर नहीं पहुंचा है।