-चकपिहानी ठाकुरजी मंदिर, परसामाफी शिव मंदिर मेंहदावल, बाबा बैजनाथ धाम लोहरैया आदि मंदिर के बहुरेंगे दिन
- तामेश्वरनाथ धाम की संवरेगी सूरत, होगा विकास
संवाद न्यूज एजेंंसी
संतकबीरनगर। पिछले दिनों में जिले में आए मुख्यमंत्री ने धार्मिक स्थलों के विकास की बात कही थी। साथ ही तामेश्वरनाथ धाम को पर्यटक स्थल के रूप में संवारने का प्रस्ताव मांगा था। इस दिशा में सदर विधायक ने भी सीएम से मिलकर यहां के विकास के लिए प्रस्ताव दिया है। इसमें तामेश्वरनाथ में धर्मशाला, पोखरे का सौंदर्यीकरण, बोटिंग की व्यवस्था, सड़क निर्माण, पथ प्रकाश व्यवस्था आदि होने हैं। इसके साथ ही शहर के चकपिहानी ठाकुर जी मंदिर, परसामाफी शिव मंदिर मेंहदावल, बाबा बैजनाथ धाम लोहरैया आदि मंदिर के दिन बहुरने वाले हैं।
जिले के धार्मिक स्थलों को अयोध्या के धार्मिक स्थलों जैसा सजाने, संवारने और चमकाने के लिए कदम उठाए गए हैं। मेंहदावल क्षेत्र के परसा माफी के शिव मंदिर के सुंदरीकरण के लिए 2.76 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है, वहीं बैजूनाथ धाम, शनिचरा बाजार दुर्गा मंदिर, चकपिहानी के ठाकुर जी मंदिर के सुंदरीकरण की भी तैयारी चल रही है। इससे पर्यटकों को सहूलियत मिलेगी।
000000000000000
पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा तामेश्वरनाथ धाम
विकास खंड खलीलाबाद के ऐतिहासिक तामेश्वरनाथ धाम को पर्यटन के दृष्टिकोण से विकसित करने के लिए पहल हुई है। मगहर महोत्सव में आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके लिए प्रशासन से प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए थे। इस बीच सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने लखनऊ में मुख्यमंत्री से मिलकर तामेश्वरनाथ धाम के विकास की बात रखी है। इससे पूर्व भी सदर विधायक की पहल पर पर्यटन विभाग ने तामेश्वरनाथ धाम के विकास के लिए सर्वे किया था। यहां श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए धर्मशाला, शौचालय, पोखर का सुंदरीकरण, बोटिंग की व्यवस्था, सड़क का जीर्णोंद्धार, पथ प्रकाश व्यवस्था आदि के कार्य कराए जाने हैं। विधायक का दावा है कि जल्द ही बजट उपलब्ध हो जाएगा।
0000000000000000000
चकपिहानी ठाकुरजी मंदिर का होगा सुंदरीकरण
खलीलाबाद विकास खंड के चकपिहानी में ऐतिहासिक ठाकुरजी का मंदिर है। राधा-कृष्ण के इस मंदिर में सुविधाओं के अभाव को देखते हुए इसे विकसित करने की तैयारी है। दूर दराज से लोग पूजा-अर्चना के लिए यहां आते हैं। मंदिर के सुंदरीकरण के लिए करीब दो करोड़ की योजना बनी है। यहां इंटरलॉकिंग, बेंच, सोलर लाइटें, यात्री भवन आदि के कार्य होने हैं। यहां पर्यटन विकास के कार्य कराए जाएंगे।
00000000000000000000000
परसा माफी शिव मंदिर की संवरेगी सूरत
परसा माफी शिव मंंदिर गोरखनाथ मंदिर से जुड़ा है। दिसंबर 2022 में मुख्यमंत्री को शिव मंदिर के सुंदरीकरण के लिए प्रस्ताव दिया गया था। इसके लिए दो करोड़ 76 लाख का बजट स्वीकृत हुआ है। यहां पोखरे की रिटेनिंग वॉल, घाट, पुलिया, यात्री निवास, चहारदीवारी, पाथवे, इंटरलाॅकिंग, सोलर लाइटें लगाने के साथ अन्य कार्य होने हैं।
000000000000000000000000
बाबा बैजनाथ धाम की बदलेगी सूरत
धनघटा क्षेत्र के बाबा बैजनाथ धाम शिव मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। बैजनाथ धाम के मुख्य संरक्षक अनिल राय बताते हैं कि इस मंदिर का इतिहास 800 वर्ष पुराना है। यहां गोरखपुर, आजमगढ़, कुशीनगर, महराजगंज, बस्ती आदि से भी श्रद्धालु आते हैं। इसके विकास के लिए भी पहल की गई है। यहां डेढ़ करोड़ की लागत से इंटरलाॅकिंग, बेंच, पेयजल, शौचालय, सोलर लाइटें आदि के कार्य किए जाने हैं।
00000000000000000000000
जिले के धार्मिक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए कदम उठाए गए हैं। जल्द ही धार्मिक स्थलों की तस्वीर बदली नजर आएगी। इसके साथ ही तामेश्वरनाथ धाम का भी विकास कराया जाएगा। जिस पर योजना बन चुकी है।
-महेंद्र सिंह तंवर, डीएम