- प्रधान ने एसडीएम को पत्र सौंपकर पट्टा निरस्त करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। विकास खंड बेलहर कला की ग्राम पंचायत बरगदवा कला में ग्राम पंचायत निधि से अमृत सरोवर योजना के तहत तालाब का सुंदरीकरण किया गया। उसी तालाब का पट्टा होने से लोग परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पट्टे के बाद उसमें मत्स्य पालन किया जा रहा है। पट्टा धारक उक्त तालाब में पशुओं को जाने से रोक रहा है। लोगों ने एसडीएम को पत्र सौंपकर पट्टा निरस्त करने की मांग की है।
बेलहर कला ब्लॉक के ग्राम पंचायत बरगदवा कला की ग्राम प्रधान हबीबुनिशा ने बताया कि ग्राम पंचायत के गातु खोर में स्थित पोखरा अमृत सरोवर 2022 में चयनित हुआ था। जिस पर अभी भी विकास कार्य बाकी है। इसी बीच गांव के कुछ लोगों के जरिए चोरी-छिपे अमृत सरोवर तालाब का पट्टा राजस्व कर्मियों की मिलीभगत से करा लिया गया। जब उस सरोवर पर मनरेगा के मजदूरों के जरिए कार्य पूरा करने के लिए लगाया गया तो पट्टा धारक ने मजदूरों को वहां से भगा दिया।
उक्त पोखरे में गांव के लोगों के पशुओं को जाने से भी रोका जा रहा है। ग्राम प्रधान के साथ आए तमाम लोगों ने उक्त मामला उपजिलाधिकारी अरुण कुमार के संज्ञान में लाते हुए पट्टा निरस्त करने की मांग की है। इस दौरान शमीम अहमद, मुर्तजा, वसीम, हमीद, गुलजार, बिहारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे। एसडीएम अरूण कुमार ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।