-मॉक ड्रिल में डूबते व्यक्ति को बचाया गया
- उपलब्ध कराई गई स्वास्थ्य सेवाएं, राहत शिविर में पहुंचाया
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। डीएम संदीप कुमार के निर्देश पर बृहस्पतिवार को धनघटा तहसील क्षेत्र के घाघरा नदी के किनारे स्थित बिडहरघाट पर बाढ़ और आपदा से बचाव के लिए मॉक ड्रिल किया गया। इस दौरान नदी में डूबते हुए एक व्यक्ति को पीएसी दल द्वारा बचाव कार्य संपादित करते हुए तत्काल स्टीमर की सहायता से बाहर निकाला गया।
स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था की और निकाले गए व्यक्ति को एंबुलेंस में प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके बाद आदर्श इंटर कॉलेज उमरिया बाजार बाढ़ राहत शिविर में ले जाया गया। प्रतीकात्मक रूप में जलभराव से विस्थापित व्यक्तियों को उनके सामान सहित बाढ़ राहत केंद्र ले जाया गया।
राहत केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग, पशु पालन विभाग, आपूर्ति विभाग द्वारा कैम्प लगाए गए थे। जिनमें रेस्क्यू किए गए व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसी प्रकार पशुओं की जांच पशुपालन विभाग द्वारा की गई।
एसडीएम जिलाधिकारी धनघटा उत्कर्ष श्रीवास्तव व पुलिस क्षेत्राधिकारी धनघटा ब्रृजेश सिंह के देखरेख में कुशलता पूर्वक संपादित हुआ। इस दौरान प्रभारी तहसीलदार योगेंद्र कुमार पांडेय, नायब तहसीलदार राजेश कुमार मिश्रा, थाना प्रभारी धनघटा संतोष मिश्र , चौकी इंचार्ज, बिडहरघाट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व गामीण उपस्थित रहे।
इसी क्रम में तहसील मेंहदावल अंतर्गत राप्ती नदी के किनारे स्थित बेलौली बंधे पर बाढ़ व आपदा से बचाव के लिए मॉक ड्रिल किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान नदी में डूबते हुए एक व्यक्ति को आपदा मित्रों एवं पुलिसबल द्वारा बचाव कार्य संपादित करते हुए तत्काल नाव की सहायता से बाहर निकाला गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा तत्काल एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई व निकाले गए व्यक्ति को एम्बुलेंस में प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।
श्री बिंदेश्वरी जानकी डिग्री कॉलेज पिड़ारी कला बाढ़ राहत शिविर ले जाया गया। प्रतीकात्मक रूप में जलभराव से विस्थापित व्यक्तियों को उनके सामान सहित बाढ़ राहत केंद्र ले जाया गया। राहत केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग, पशु पालन विभाग, आपूर्ति विभाग, पंचायत विभाग, अग्निशमन विभाग द्वारा कैम्प लगाए गए थे। जिनमें रेस्क्यू किए गए व्यक्तियों के स्वास्थ्य परीक्षण कराए गए।एसडीएम मेंहदावल अरूण कुमार के नेतृत्व में अन्य विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में कुशलता पूर्वक संपादित हुआ।
इस दौरान तहसीलदार मेंहदावल निशा श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार हरेराम यादव, चौकी इंचार्ज नौलखा, बचाव दल, पुलिस के जवान के साथ ग्रामीण मौजूद रहे।