बाघनगर और हैंसर में हुई कार्रवाई, सेंटरों को नोटिस जारी कर मांगा जवाब
फोटो है
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कमिश्नर बस्ती मंडल के निर्देश पर बुधवार को स्वास्थ्य टीम ने जिले के पांच पैथाेलॉजी सेंटरों पर छापा मारा। इस दौरान किसी भी सेंटर पर चिकित्सक नहीं मिले। इसके साथ ही न तो नोटिस बोर्ड मिला और न ही अन्य जरूरी संसाधन। टीम ने सभी सेंटरों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। टीम की इस कार्रवाई से अन्य पैथाेलॉजी सेंटर संचालक बंद कर फरार हो गए।
पैथाेलॉजी सेंटर के नोडल व अपर सीएमओ डॉ. शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने बाघनगर स्थित त्रिमूर्ति डायग्नोस्टिक, राधे गोविंद डायग्नोस्टिक और सूर्या डायग्नोस्टिक पर छापा मारा। इस दौरान वहां पर अल्ट्रासाउंड के लिए कोई चिकित्सक नहीं मिला। इसके साथ ही सूचना पट भी नहीं मिला। यही नहीं इन सेंटरों पर कोई रिकाॅर्ड भी नहीं था। कर्मचारी कुछ बताने की स्थिति में नहीं थे।
इसके बाद टीम ने हैंसर बाजार के सेवा डायग्नोस्टिक एवं स्वास्तिक डायग्नोस्टिक सेंटर पर छापा मारा। यहां पर भी चिकित्सक नहीं मिले। चिकित्सक के बैठने का कोई समय नहीं लिखा था। कर्मचारियों ने बताया कि चिकित्सक छुट्टी पर हैं। इसके साथ ही पैथाेलाॅजी सेंटर मानक के अनुरूप नहीं मिले। काफी कमियां मिली हैं। नोडल अफसर डॉ. शैलेंद्र सिंह ने बताया कि सभी पैथाेलॉजी सेंटरों को निर्देश दिए गए हैं कि चिकित्सक और कर्मचारी अप्रन पहन कर ही डयूटी करें। सभी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। बताया कि इसके बाद एसडीएम के नेतृत्व में चेकिंग की जाएगी। कमियां मिलने पर पैथाेलॉजी को सील कर दिया जाएगा। इस दौरान महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. मुबारक अली समेत अन्य मौजूद रहे।