मेंहवावल के करमैनी बेलौली तटबंध पर बेलौहा के समीप बना होल।
मेंहदावल। बारिश शुरू होते ही राप्ती नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। वहीं वर्ष 2021-2022 में 10 करोड़ रुपये बंधे के उच्चीकरण, चौड़ीकरण और मजबूती पर खर्च किया गया, लेकिन बारिश शुरू होते ही तटबंध में मरम्मत की पोल खुल गई है। अब भी बंधे पर बड़े बड़े रेन कट और रैट होल बने हुए है। विभाग इससे बेखबर हैं।
पिछले 48 घंटे से बारिश हो रही है। ऐसे में करोड़ों रुपये खर्च कर करमैनी बेलौली पर हुए कार्यों की पोल खुलनी शुरू हो गई। करमैनी नौगो के बीच स्थित ग्राम पंचायत बेलौहा के समीप बनी पिच मार्ग व तटबंध पर तीन से चार फीट होल बन गया है। बारिश से यह होल दुर्घटना का सबब बना हुआ है। दूसरी तरफ लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है। जहां शुक्रवार को नदी का जलस्तर 74 मीटर मापा गया था वहीं शनिवार को नदी का जलस्तर 74.60 मीटर पर पहुंच गया है। तटबंध की निगरानी के लिए यहां तैनात अवर अभियंता गायब नजर आए।
स्थानीय निवासी उपेंद्र सिंह, संदीप सिंह, भास्कर तिवारी, धर्मेंद्र यादव, दिलीप गुप्ता आदि लोगों का कहना है कि बारिश शुरू होने के बाद भी करमैनी बेलौली तटबंध पर तैनात अवर अभियंताओं का पता नहीं है। नदी का जलस्तर बढ़ रहा है, लेकिन विभागीय अधिकारी तटबंध पर जगह-जगह बने होल व रेनकट को भरने की व्यवस्था नहीं कर सके हैं।
तटबंध पर बने होल लोगों के लिए दुर्घटना के कारण बन रहे, फिर भी विभागीय जिम्मेदार लापरवाह बने हुए हैं। जबकि 19.2 किलोमीटर लंबे तटबंध की सुरक्षा के लिए ड्रेनेज खंड द्वितीय ने चार अवर अभियंता तटबंध पर तैनात कर रखा है। वर्तमान समय में एक भी अवर अभियंता यहां मौजूद नहीं है। सहायक अभियंता राम उजागिर लाल का कहना है कि नदी का जलस्तर बढ़ा है, लेकिन अभी खतरे के निशान से काफी नीचे है। बारिश के कारण तटबंध पर बने होल तथा रेनकट को भरने का निर्देश दिया गया है। जिसे जल्द ही भर दिया जाएगा।